दहेज की लालच ने उजाड़ा घर: 14 महीने की मासूम के सिर से उठा मां का साया, आरोपी डिप्टी जेलर की तलाश में पुलिस…

Ritu Raj

बिहार के समस्तीपुर जिले में एक बेहद दुखद और संदिग्ध घटना ने सबको झकझोर दिया है। विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में दरभंगा जेल में सहायक जेल अधीक्षक (डिप्टी जेलर) नंदू चौधरी की पत्नी श्वेता कुमारी का शव बुधवार को घर के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला। मृतका श्वेता पटना के अगमकुआं क्षेत्र की निवासी थीं। उनकी शादी मई 2023 में नंदू चौधरी से हुई थी। श्वेता के भाई शशिभूषण चौधरी ने इसे दहेज हत्या का मामला बताते हुए पति नंदू चौधरी, सास, ससुर और अन्य ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शादी के समय कार और अन्य कीमती सामान देने के बावजूद ससुराल पक्ष लगातार दबाव बनाए रखता था। वे फॉर्च्यूनर कार और 10 लाख रुपये नकद की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर धमकियां दी जाती थीं।

भाई के अनुसार, पिछले करीब 20 दिनों से श्वेता को शारीरिक प्रताड़ना दी जा रही थी और पिछले तीन दिनों से उन्हें खाना-पानी तक नहीं दिया गया। आरोप है कि हत्या के बाद शव को फंदे से लटका कर इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई। घटना के बाद नंदू चौधरी, उनके माता-पिता और देवर फरार हो गए हैं, जिससे संदेह और बढ़ गया है। नंदू चौधरी ने 11 फरवरी को बेटी की तबीयत बिगड़ने का हवाला देकर 11 दिनों की छुट्टी ली थी। दरभंगा जेल अधीक्षक के मुताबिक, सरकारी आवास होने के बावजूद वह अकेले रहते थे और पत्नी को कभी साथ नहीं लाए, हालांकि सोशल मीडिया पर परिवार के साथ खुशहाल तस्वीरें और वीडियो शेयर करते थे। फिलहाल उनका फोन बंद है और संपर्क नहीं हो पा रहा।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

श्वेता के भाई ने पुलिस को दिए आवेदन में अपनी 14 महीने की भांजी (बेटी) की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। उनका डर है कि ससुराल वाले बच्ची को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं, क्योंकि बच्ची का अभी ठिकाना नहीं पता। एफआईआर में यह भी उल्लेख है कि ससुराल पक्ष अक्सर दूसरी शादी की धमकी देते थे और श्वेता व बच्ची को रास्ते से हटाने की बात करते थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने मौके का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने पुष्टि की कि मामला प्रथम दृष्टया दहेज प्रताड़ना से जुड़ा लगता है। मृतका के भाई के आवेदन पर नंदू चौधरी और उनके परिजनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Share This Article