राहुल गांधी की ‘वोट अधिकार यात्रा’ पर राजद का समर्थन, संजय यादव ने पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार पर साधा निशाना

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राज्यसभा सांसद और तेजस्वी यादव के करीबी माने जाने वाले संजय यादव ने राहुल गांधी की ‘वोट अधिकार यात्रा’ को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और ‘इंडिया’ गठबंधन के कई बड़े नेता शामिल होंगे।

यादव ने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से हम लोगों के बीच जाकर उन्हें वोट के अधिकार के महत्व के बारे में बताएंगे। उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि 300 से अधिक सांसदों ने चुनाव आयोग तक मार्च किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि, उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की सुनवाई को लेकर आंशिक जीत का दावा किया और कहा कि वे आगे भी अपनी बात पुरजोर तरीके से रखेंगे।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस के भाषण पर हमला बोलते हुए संजय यादव ने कहा कि उनके भाषण में आत्मविश्वास की कमी साफ दिख रही थी। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री किसे संबोधित कर रहे थे, देश को या किसी और को? उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम ने अपने भाषण में बेरोजगारी, पलायन या रोजगार देने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर कुछ नहीं कहा।

संजय यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 50 लाख लोगों को नौकरी और रोजगार देने के दावे को भी ‘हास्यास्पद’ बताया। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री पिछले 11 वर्षों में इतने लोगों को रोजगार नहीं दे पाए, तो मुख्यमंत्री ने यह कैसे कर दिखाया। उन्होंने इस दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह पता करना होगा कि क्या ट्वीट मुख्यमंत्री खुद कर रहे हैं या कोई और उनकी तरफ से कर रहा है।

यादव ने कहा कि हम लोग हमेशा मुद्दों की बात करते हैं और सरकार को मुद्दों पर ही जवाब देना चाहिए। उन्होंने बिहार में पिछले 11 वर्षों में लगाए गए उद्योगों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार के पास इसका कोई जवाब नहीं है।

Share This Article