सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में कल से शुरू हो रही कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘वोट अधिकार यात्रा’ से पहले उन्होंने एक संदेश जारी किया है। इस यात्रा को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के साथ-साथ कांग्रेस के सभी बड़े नेता आज सासाराम पहुंच जाएंगे। अपने संदेश में राहुल गांधी ने इस यात्रा के उद्देश्य को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा, “मैं बिहार में ‘वोट अधिकार यात्रा’ पर निकल रहा हूं। मुझे सभी युवाओं और लोगों का समर्थन चाहिए। यह यात्रा संविधान और वोट को बचाने के लिए है।”
राहुल गांधी ने ‘वन मैन, वन वोट’ के विचार को सशक्त करने पर जोर दिया और युवाओं से इस यात्रा में बड़ी संख्या में जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह यात्रा सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि उन मूल्यों को बचाने की लड़ाई है, जिन पर हमारा संविधान टिका है।
यह यात्रा ऐसे समय में शुरू हो रही है जब विपक्ष लगातार चुनाव आयोग और वोटिंग प्रक्रिया पर सवाल उठा रहा है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव जैसे नेताओं का एक साथ आना ‘इंडिया’ गठबंधन की एकजुटता को भी दर्शाता है। यह यात्रा बिहार के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरेगी, जहां ये नेता जनता से सीधा संवाद स्थापित करेंगे।
इस यात्रा का मुख्य फोकस आम लोगों को उनके मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक करना और उन्हें यह समझाना है कि उनका एक-एक वोट कितना महत्वपूर्ण है। माना जा रहा है कि यह यात्रा बिहार के आगामी राजनीतिक परिदृश्य पर गहरा प्रभाव डालेगी।