सासाराम में तेजस्वी यादव ने हुंकार भरते हुए कहा- ’90 फीसदी हमारा है’

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सासाराम के फैजलगंज स्टेडियम में अमर शहीद बाबू जगदेव प्रसाद सिंह के शहादत दिवस पर आयोजित जनसभा में एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने ‘100 में 90 शोषित हैं, 90 भाग हमारा है’ के नारे के साथ हुंकार भरते हुए कहा कि यह दलितों, पिछड़ों और वंचितों के मसीहा बाबू जगदेव प्रसाद जी का नारा था, और इसी रास्ते पर चलकर उनके सपनों को साकार किया जा सकता है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि जगदेव बाबू ने गरीबों, लाचारों और पिछड़ों के लिए अपना पूरा जीवन संघर्ष में बिताया। उन्होंने एनडीए सरकार को उखाड़ फेंकने और आने वाले विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की सरकार बनाने का आह्वान किया। तेजस्वी ने कहा कि बिहार में बेरोजगारी और पलायन एक बड़ी समस्या बन गई है और इससे निजात पाने के लिए महागठबंधन की सरकार बनाना जरूरी है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में अफसरशाही बेलगाम हो गई है और जनता हाशिये पर चली गई है। तेजस्वी ने अपनी 17 महीने की सरकार के दौरान किए गए कार्यों को याद दिलाया। उन्होंने कहा, “हमारी 17 महीने की सरकार बिहार के आम-अवाम के लिए समर्पित थी। हमने पांच लाख बेरोजगारों को रोजगार देकर एक नया बिहार बनाने का संकल्प लिया था। अभी बहुत कुछ करना बाकी था, लेकिन नीतीश जी फिर भाजपा की गोद में जाकर बैठ गए।”

तेजस्वी ने बिहार में अपराध की बढ़ती घटनाओं पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अगर हत्या, अपहरण और बलात्कार जैसी घटनाओं से मुक्ति पानी है तो महागठबंधन की सरकार बनाना ही एकमात्र रास्ता है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार ही इन समस्याओं का समाधान कर सकती है।

इस कार्यक्रम में बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह, पूर्व मंत्री आलोक मेहता, पूर्व मंत्री रेणु कुशवाहा, पूर्व मंत्री अनिता देवी, सांसद संजय यादव, अर्चना गुप्ता, दिनारा के विधायक विजय कुमार मंडल, सासाराम के विधायक राजेश गुप्ता, विधान पार्षद अशोक पाण्डेय, सीमा कुशवाहा, राजद के जिलाध्यक्ष रसमचंद्र ठाकुर, उमेश गुप्ता, सुरेंद्र कुशवाहा और शंकर कुशवाहा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। सभी नेताओं ने तेजस्वी यादव के नेतृत्व में आगामी विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की सरकार बनाने की बात कही। यह जनसभा बिहार के राजनीतिक परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण घटना मानी जा रही है, क्योंकि यह विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन की ताकत का प्रदर्शन कर रही है।

Share This Article