समस्तीपुर में तेजस्वी की ‘बिहार अधिकार यात्रा’, बोले- नया बिहार बनाने का समय आ गया

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपनी ‘बिहार अधिकार यात्रा’ के तहत समस्तीपुर के जितवारपुर कॉलेज मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मौजूदा नीतीश सरकार पर तीखा हमला बोला और जनता से ‘नया बिहार’ बनाने के लिए साथ आने का आह्वान किया। तेजस्वी ने कहा कि यह यात्रा सिर्फ राजनीतिक संदेश देने के लिए नहीं है, बल्कि यह युवाओं की बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों और मजदूरों के सम्मान, तथा उद्योग-कारखानों की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर एक बड़ा अभियान है।

नीतीश सरकार पर सीधा हमला
तेजस्वी यादव ने सभा में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में आज भी विकास और रोजगार का अभाव सबसे बड़ी समस्या है। उन्होंने नीतीश सरकार को इस मोर्चे पर पूरी तरह विफल बताया। उन्होंने कहा, “यह सरकार लाठी-डंडे की सरकार है और जनता इससे त्रस्त हो चुकी है। लोग अब कह रहे हैं ‘2025 बहुत हुए नीतीश’। जनता बदलाव चाहती है, और यह बदलाव निश्चित तौर पर होगा।”

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

‘नया बिहार’ बनाने का आह्वान
जनता से नए बिहार के निर्माण के लिए सहमति मांगते हुए तेजस्वी ने उनसे हाथ उठाकर समर्थन लिया। उन्होंने कहा कि उनका मकसद एक ऐसे बिहार का निर्माण करना है जहां युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े, महिलाएं सुरक्षित महसूस करें और किसानों तथा मजदूरों को उनका हक मिले।

इस मौके पर स्थानीय विधायक और बिहार विधानसभा के मुख्य सचेतक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने कहा कि बिहार की जनता तेजस्वी यादव को भविष्य के मुख्यमंत्री के रूप में देख रही है। उन्होंने कहा कि बदलाव अब तय है और बिहार में महागठबंधन की सरकार बनना निश्चित है।

भव्य स्वागत
सभा से पहले तेजस्वी यादव का समस्तीपुर में अभूतपूर्व स्वागत किया गया। विधायक शाहीन ने उन्हें केवस लख्खी चौक से 750 मोटरसाइकिल और 25 घोड़ों के काफिले के साथ रिसीव किया। जितवारपुर चौक पर करीब एक दर्जन जेसीबी मशीनों से उन पर फूलों की वर्षा की गई। मिथिला की परंपरा के अनुसार भी उनका स्वागत हुआ। इस भव्य स्वागत से तेजस्वी यादव अभिभूत दिखे और उन्होंने समर्थकों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधान पार्षद रोमा भारती ने की, जबकि संचालन और धन्यवाद ज्ञापन विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने किया। रोमा भारती ने कहा कि नीतीश सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और अगले चुनाव में बिहार में महागठबंधन की सरकार बनेगी।

Share This Article