बिहार के शक्तिपीठों पर बोले खेसारी लाल यादव, तेजस्वी यादव ने दिया समर्थन – धार्मिक पर्यटन को लेकर बढ़ी बहस

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव के एक सोशल मीडिया पोस्ट से बिहार की सियासत और संस्कृति दोनों में हलचल मच गई है। उन्होंने बिहार में मौजूद 9 प्रमुख शक्तिपीठों की चर्चा करते हुए धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की जरूरत बताई। उनके इस विचार का समर्थन राजद नेता और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने भी किया है।

खेसारी लाल यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा कि बिहार में पटना, गया, मुंगेर, सासाराम, सहरसा, छपरा, नवादा और नालंदा जैसे स्थलों पर स्थित शक्तिपीठ हमारी आस्था और संस्कृति का प्रतीक हैं। लेकिन दुर्भाग्यवश, आज भी बहुत कम लोग इनके बारे में जानते हैं। उन्होंने लिखा कि अगर इन स्थलों को सही तरीके से प्रमोट किया गया होता, तो देशविदेश से श्रद्धालु और पर्यटक बिहार आते। इससे न केवल धार्मिक यात्रा को बढ़ावा मिलता, बल्कि टूरिज्म और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होते।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

उन्होंने यह भी कहा कि सोचिए, अगर इन शक्तिपीठों के आसपास होटल, गाइड, लोकल ट्रांसपोर्ट, हैंडिक्राफ्ट, स्थानीय प्रसाद और खानेपीने की चीजों को बढ़ावा दिया जाए, तो बिहार के ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों में आर्थिक उन्नति हो सकती है। उनके इस पोस्ट पर तेजस्वी यादव ने तुरंत प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पोस्ट का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए लिखा, “खेसारी भाई की बात से पूरी तरह सहमत हूं। बिहार में जितने ऐतिहासिक, धार्मिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक स्थल हैं, उतने किसी और राज्य में नहीं हैं।”

तेजस्वी ने आगे बताया कि उन्होंने 17 महीनों की सरकार में पर्यटन विभाग को चुनौती के रूप में संभाला और विभिन्न माध्यमों से बिहार के स्थलों की ब्रांडिंग की। इसका परिणाम यह रहा कि 2023 में रिकॉर्ड 8.21 करोड़ देसीविदेशी पर्यटक बिहार आए। दोनों लोकप्रिय हस्तियों की इस साझा पहल को सोशल मीडिया पर भारी समर्थन मिल रहा है। यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले समय में बिहार सरकार इन सुझावों को नीति में बदलती है या नहीं।

Share This Article