सीट बंटवारे को लेकर NDA में चर्चा जारी है। दिल्ली में शुक्रवार को चिराग पासवान और नित्यानंद राय के बीच करीब आधे घंटे की मुलाकात हुई। मुलाकात के बाद चिराग पासवान ने बताया कि सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत अंतिम चरण में है और अधिकांश मुद्दे पहले ही सुलझा लिए गए हैं।
दरअसल, चिराग से जब डिमांड माने जाने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उन्हें अपने सम्मान को लेकर कोई चिंता नहीं है। वहीं, नित्यानंद राय ने कहा कि जल्द ही सभी बातें पूरी तरह से फाइनल कर ली जाएंगी। वहीं, मुलाकात के बाद दोनों नेता हंसते-खेलते बाहर निकले, जिससे साफ जाहिर होता है कि सीट बंटवारे को लेकर जो मतभेद थे, वे अब दूर हो चुके हैं और अब अंतिम फैसले के नजदीक हैं।
गौरतलब है कि सम्राट चौधरी के भाई रोहित चौधरी ने मुंगेर की तारापुर सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। माना जा रहा है कि उन्हें जदयू से टिकट मिल सकता है। इधर, बीजेपी के वरिष्ठ नेता और अल्पसंख्यक चेहरा सैयद शाहनवाज हुसैन के बारे में खबर है कि वे किशनगंज जिले की कोचाधामन सीट से चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। वहीं, बाहुबली नेता आनंद मोहन के छोटे बेटे अंशुमान मोहन भी इस बार नबीनगर (औरंगाबाद) से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।