महागठबंधन के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे पर सहमति नहीं बन पाने के कारण अंदरूनी मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं। इसी विवाद के बीच राबड़ी आवास के बाहर टिकट न मिलने पर पूर्व प्रत्याशी मदन साह ने रोते-रोते कुर्ता फाड़ दिया, जो राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
मधुबन विधानसभा से आरजेडी के पूर्व प्रत्याशी मदन साह का आरोप है कि संजय यादव ने उनसे 2 करोड़ 70 लाख रुपये की मांग की थी। उन्होंने रकम नहीं दिया, इसलिए पार्टी के अन्य उम्मीदवार को टिकट दे दिया गया। इसके साथ ही टिकट न मिलने से नाराज राजद नेता रितु जायसवाल ने पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने सीतामढ़ी की परिहार विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया। उन्होंने इस बात की घोषणा सोशल मीडिया पर के जरिए साझा की। आरजेडी ने इस सीट से पार्टी के वरिष्ठ नेता रामचंद्र पूर्वे की बहू, स्मिता पूर्वे को उम्मीदवार घोषित किया है।
उन्होंने X पर पोस्ट करते हुए लिखा- ‘परिहार को छोड़कर किसी अन्य क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ना मेरी आत्मा को स्वीकार नहीं। इसलिए मैंने पार्टी नेतृत्व को साफ तौर पर अवगत करा दिया है कि यदि पार्टी किसी मजबूरीवश अपना निर्णय नहीं बदलती है, तो मैं परिहार से स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ूंगी।’