पार्टी दफ्तर से चलेगा अब तेजस्वी का ‘राज’,कार्यकारी अध्यक्ष की कुर्सी मिलते ही राजद संगठन में होगा सबसे बड़ा फेरबदल!..

Ritu Raj

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) में जल्द ही बड़ा संगठनात्मक बदलाव होने वाला है। सूत्रों के अनुसार, 25 जनवरी 2026 को पटना में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को आरजेडी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने की मजबूत संभावना जताई जा रही है।

दरअसल, यह पद बीजेपी और जेडीयू की तरह पार्टी में नया प्रयोग माना जा रहा है, जिससे संगठन की जिम्मेदारी औपचारिक रूप से युवा नेतृत्व को सौंपी जा सके। लालू प्रसाद यादव पिछले 28 वर्षों से (5 जुलाई 1997 से) राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हुए हैं और जून 2025 में उन्हें 13वीं बार यह पद मिला था, जो 2028 तक चलेगा। लेकिन उनकी उम्र और स्वास्थ्य को देखते हुए डॉक्टरों ने तनाव से दूर रहने की सलाह दी है, जिससे सक्रिय राजनीति में उनकी भूमिका सीमित हो गई है। ऐसे में पार्टी की निरंतरता और मजबूती के लिए कार्यकारी अध्यक्ष का पद बनाना जरूरी माना जा रहा है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

तेजस्वी यादव पहले से ही पार्टी के अधिकांश बड़े फैसले ले रहे हैं और अघोषित रूप से कमान संभाल चुके हैं। औपचारिक पद न होने से कुछ घोषणाएं सार्वजनिक रूप से नहीं हो पातीं। इस नए पद के मिलने पर वे चार प्रमुख कदम उठाने की तैयारी में हैं:
1) ऑपरेशन क्लीन: प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर 300 नेताओं-कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई, जिनमें भितरघाती और निष्क्रिय लोग शामिल हैं।
2) पार्टी कार्यालय में नियमित उपस्थिति: तेजस्वी खुद राजद मुख्यालय में बैठकर संगठनात्मक कामकाज संभालेंगे, ताकि गतिविधियों पर सीधी नजर रखी जा सके और कोई गलती न हो।
3) संगठन में बड़े फेरबदल: प्रदेश अध्यक्ष और प्रधान महासचिव सहित कई पदों पर बदलाव की संभावना, जिससे पार्टी जमीनी स्तर पर मजबूत हो सके।

गौरतलब है कि सभी की नजरें अब 25 जनवरी पर टिकी हैं, जब लालू प्रसाद यादव खुद या पार्टी इसकी औपचारिक घोषणा कर सकते हैं। यह कदम आरजेडी को नई दिशा देने और 2025 विधानसभा चुनाव की हार से सबक लेते हुए संगठन को पुनर्गठित करने की दिशा में माना जा रहा है। अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सूत्र इसे लगभग तय मान रहे हैं।

Share This Article