मुकेश सहनी की पार्टी VIP को झटका: बाबूबरही से जिला परिषद अध्यक्ष बिंदु गुलाब यादव ने वापस लिया नामांकन

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के द्वितीय चरण में 11 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए मधुबनी जिले में अभ्यर्थिता वापसी की प्रक्रिया गुरुवार को संपन्न हो गई। इस दौरान कुल 5 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस लिया, जिनमें एक महत्वपूर्ण नाम विकासशील इंसान पार्टी (VIP) की उम्मीदवार और जिला परिषद अध्यक्ष बिंदु गुलाब यादव का है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने समाहरणालय में मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर कुल 5 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिया है। बिस्फी विधानसभा क्षेत्र से दो, जबकि मधुबनी, बाबूबरही और लौकहा विधानसभा क्षेत्र से एक-एक अभ्यर्थी रेस से बाहर हुए हैं।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

VIP प्रत्याशी का नामांकन वापस

नाम वापस लेने वाले प्रमुख उम्मीदवारों में बाबूबरही विधानसभा क्षेत्र से VIP की प्रत्याशी बिंदु गुलाब यादव शामिल हैं। वह वर्तमान में जिला परिषद अध्यक्ष भी हैं। मुकेश सहनी की पार्टी के एक मजबूत स्थानीय चेहरे का चुनावी मैदान से हटना जिले में पार्टी के लिए एक झटका माना जा रहा है।

इसके अलावा, मधुबनी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के बागी और निर्दलीय उम्मीदवार मनोज कुमार चौधरी ने भी अपना नामांकन वापस ले लिया है। भाजपा के बागी का हटना पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार के लिए राहत की खबर है। अन्य जिन उम्मीदवारों ने नाम वापस लिया है, उनमें बिस्फी से आम जनता प्रगति पार्टी के मो. इनामुर रहमान और समता पार्टी के मंजरूल हसन, तथा लौकहा से निर्दलीय राम प्रसाद चौपाल शामिल हैं।

105 से घटकर 100 उम्मीदवार मैदान में

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 13 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक नामांकन प्रक्रिया चली थी, जिसमें कुल 129 अभ्यर्थियों ने पर्चा दाखिल किया था। 21 अक्टूबर को स्क्रूटनी के दौरान 24 नामांकन पत्र रद्द हो गए थे, जिसके बाद मैदान में 105 उम्मीदवार शेष थे। नाम वापसी के अंतिम दिन 5 उम्मीदवारों के हटने के बाद, अब मधुबनी जिले की सभी 10 सीटों पर कुल 100 अभ्यर्थी चुनावी मैदान में रह गए हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि सर्वाधिक अभ्यर्थी झंझारपुर एवं लौकहा विधानसभा क्षेत्र के चुनावी मैदान में डटे हैं, जबकि सबसे कम प्रत्याशी राजनगर विधानसभा क्षेत्र में हैं। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, अब जिले में सभी विधानसभा सीटों पर मुकाबले की तस्वीर स्पष्ट हो गई है।

Share This Article