राहुल गांधी : बेगूसराय में अचानक तालाब में कूदे, मछुआरों संग जाल फेककर पकड़ी मछली!

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रचार के दौरान, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का एक अप्रत्याशित और अनूठा अंदाज़ देखने को मिला। रविवार को बेगूसराय में एक चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे राहुल गांधी ने मछुआरों के जीवन को करीब से समझने के लिए खुद को रोक नहीं पाए और अचानक एक तालाब में छलांग लगा दी।

बेगूसराय में जनसभा के बाद राहुल गांधी सीधे मछुआरा समुदाय के बीच पहुंचे। वह नाव पर बैठकर उनका काम समझ रहे थे कि तभी उन्होंने टी-शर्ट और पैंट पहने हुए ही नाव से पानी में छलांग लगा दी। पानी में उतरने के बाद उन्होंने सुरक्षा घेरे की परवाह न करते हुए मछुआरों के साथ मिलकर मछली पकड़ने के पारंपरिक तरीके में हिस्सा लिया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

सुरक्षाकर्मियों में मची खलबली
राहुल गांधी के अचानक तालाब में कूदने से वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों में कुछ देर के लिए खलबली मच गई। प्रोटोकॉल का पालन करते हुए, सुरक्षाकर्मियों को भी तुरंत उनके पीछे पानी में उतरना पड़ा। राहुल गांधी ने मछुआरों के साथ मिलकर जाल पकड़ा और मछली पकड़ने की कोशिश की। उनका उद्देश्य मछुआरा समुदाय के दैनिक जीवन और उनकी मेहनत को समझना था। उन्होंने यह जानने की कोशिश की कि मछली पकड़ने के काम में कितनी शारीरिक श्रम और कठिनाई होती है।

कन्हैया कुमार और मुकेश सहनी भी रहे मौजूद
इस दौरान, महागठबंधन के अन्य प्रमुख नेता भी उनके साथ मौजूद थे, जिनमें वीआईपी प्रमुख और महागठबंधन के उप मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार मुकेश सहनी और कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार शामिल थे। इन नेताओं की मौजूदगी में राहुल गांधी का यह कदम सीधे तौर पर मछुआरा (निषाद) समुदाय के वोटों को साधने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

पिछले कुछ समय से, राहुल गांधी लगातार समाज के विभिन्न वर्गों, जैसे किसानों, मजदूरों और अब मछुआरों के साथ घुलने-मिलने के ऐसे मौके तलाश रहे हैं, ताकि वह खुद को आम जनता के करीब दिखा सकें। बिहार चुनाव में भी वह महागठबंधन के लिए लगातार प्रचार कर रहे हैं, और उनका यह कदम बिहार के मछुआरा समुदाय को एक भावनात्मक संदेश देने की रणनीति का हिस्सा है। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने चुनावी माहौल में एक नई चर्चा छेड़ दी है।

Share This Article