अंचलाधिकारियों की आंखों के सामने भड़के विजय सिन्हा, सीओ को लगाई फटकार…

Ritu Raj

गांधी मैदान स्थित ज्ञान भवन में आयोजित भूमि सुधार जनकल्याण कार्यशाला के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने मासिक समीक्षा में निचले प्रदर्शन वाले अंचलाधिकारियों (सीओ) को खड़ा कर कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने सीधे सवाल किया कि अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई और चेतावनी दी कि महीने के अंत तक सुधार न होने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि जो अधिकारी बेहतर प्रदर्शन करेंगे, उन्हें सम्मानित किया जाएगा, इसके लिए 31 दिसंबर तक का समय दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग में लगातार मॉनिटरिंग होगी और मासिक समीक्षा शुरू की जा रही है। 24 नवंबर को सेवा संभालने के बाद सबसे पहले दाखिल-खारिज और परिमार्जन के लंबित मामलों को प्राथमिकता दी गई है। जिला स्तर से लंबित मामलों की सूची मंगाई जा रही है। विजय सिन्हा ने कहा कि विभाग के पास कार्रवाई का पूरा अधिकार है और ईमानदारी से काम करने वाले कर्मचारी किसी तरह की धमकी से नहीं डरेंगे। विभाग की विशेष टीम अंचल कार्यालयों का निरीक्षण करेगी और गड़बड़ी पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई होगी। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी कीमत पर अधिकारी बख्शे नहीं जाएंगे।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने अतिक्रमण रोकने और भूमि विवाद समाप्त करने को विभाग की बड़ी जिम्मेदारी बताया है। उन्होंने सभी अंचल कार्यालयों में बैनर और पोस्टर लगाकर जनता को जानकारी देने का निर्देश दिया। फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल पर सख्त कार्रवाई के आदेश देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में डीसीएलआर के साथ मिलकर एफआईआर दर्ज कराई जाए। अगर थाना सहयोग नहीं करे तो लिखित आवेदन देने को कहा गया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिला स्तर पर समस्याएं न सुलझें तो सीधे उनसे संपर्क करें, और भरोसा दिलाया कि सूचनाएं पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी। इसके अलावा हर अंचल कार्यालय में शिकायत पेटी रखने और इसे केवल कर्मचारी द्वारा देखने का निर्देश भी दिया गया।

Share This Article