बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले भागलपुर के कहलगांव में एक हैरान करने वाली घटना ने सियासी माहौल गर्मा दिया। प्रचार थमने से ठीक पहले उप-मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता सम्राट चौधरी का हेलीकॉप्टर गलती से RJD की रैली के हेलीपैड पर उतरने लगा। कुछ ही सेकेंड में जब पायलट को अपनी गलती का एहसास हुआ, तो उसने तुरंत हेलीकॉप्टर को ऊपर उड़ा लिया। इस अचानक हुई घटना से मौके पर मौजूद लोग और सुरक्षाकर्मी कुछ देर के लिए हैरान रह गए।
कहलगांव विधानसभा क्षेत्र में रविवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई जब डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का हेलीकॉप्टर RJD की रैली के ऊपर पहुंच गया। दरअसल, भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव RJD प्रत्याशी रजनीश यादव के समर्थन में सभा को संबोधित करने वाले थे, जिसके लिए भारी भीड़ जुटी थी और हेलीपैड भी बनाया गया था। इसी दौरान सम्राट चौधरी का हेलीकॉप्टर पास के गांव में JDU प्रत्याशी शोभानंद मुकेश की रैली में उतरने वाला था, लेकिन पायलट भीड़ देखकर भ्रमित हो गया और RJD की रैली के ऊपर पहुंच गया। नीचे से झंडे और नारेबाजी शुरू होते ही उसने समझदारी दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को बिना उतारे वापस मोड़ लिया। मजे की बात यह रही कि ठीक पीछे खेसारी लाल यादव का हेलीकॉप्टर भी इसी हेलीपैड पर उतरने वाला था।
घटना के बाद माहौल कुछ देर तक तनावपूर्ण रहा, हालांकि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भीड़ को शांत कराया। वहीं, आरजेडी प्रत्याशी रजनीश यादव ने सम्राट चौधरी और एनडीए पर हमला बोलते हुए कहा कि यह “भाजपा-जदयू की सोची-समझी साजिश थी ताकि खेसारी लाल यादव का कार्यक्रम बाधित हो सके और जनता में भ्रम फैलाया जा सके।” उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और इस बार कहलगांव से एनडीए को करारा जवाब देगी। दूसरी ओर, जदयू नेताओं ने इन आरोपों को निराधार बताया है और कहा कि यह सिर्फ पायलट की तकनीकी गलती थी, जिसका राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए।