पूर्व प्रवक्ता से जान का खतरा! तेज प्रताप यादव ने गृह मंत्रालय से मांगी सुरक्षा…

Ritu Raj

जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने अपनी सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने बिहार के गृहमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर गंभीर चिंता जताई है और दावा किया है कि उनकी ही पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संतोष रेनू यादव से उनकी जान को खतरा है। तेज प्रताप ने मामले को गंभीर बताते हुए उचित सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।

गृहमंत्री को भेजे गए पत्र में तेज प्रताप यादव ने आरोप लगाया है कि राष्ट्रीय प्रवक्ता की ओर से लगातार धमकी भरे कॉल और संदेश मिल रहे हैं, जिससे उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा पर गंभीर संकट पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व मंत्री ने पटना के सचिवालय थाना में भी राष्ट्रीय प्रवक्ता के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें धमकी देने, सुरक्षा को खतरे में डालने और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। साथ ही उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

हालांकि, अपने पत्र में तेज प्रताप यादव ने यह भी कहा है कि संतोष रेनू यादव न सिर्फ उन्हें लगातार धमकियां दे रहे थे, बल्कि पार्टी और उनकी व्यक्तिगत साख को नुकसान पहुंचाने की कोशिश भी कर रहे थे। इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने पार्टी अनुशासन भंग करने और सार्वजनिक छवि धूमिल करने के आधार पर संतोष रेनू यादव को जनशक्ति जनता दल से निष्कासित कर दिया। उन्होंने गृहमंत्री से पूरे मामले में त्वरित हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि राज्य सरकार उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करे, क्योंकि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी भी जनप्रतिनिधि की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता।

Share This Article