दिल्ली के लाल किले के पास हुए भीषण कार धमाके में अब तक आठ से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इस आतंकी हमले के बाद बिहार पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। राज्य के रक्सौल समेत नेपाल से सटे सात जिलों में बॉर्डर को पूरी तरह सील कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने सीमावर्ती इलाकों में सघन जांच शुरू कर दी है, जबकि प्रमुख धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक जगहों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
दिल्ली ब्लास्ट के बाद बिहार में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। पटना, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और गया में रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पटना के महावीर मंदिर में मेटल डिटेक्टर से श्रद्धालुओं की चेकिंग की जा रही है, जबकि पटना साहिब गुरुद्वारा और अन्य प्रमुख स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि आतंकवादी पहले से दिल्ली पर नजर रखे हुए थे और यह ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का बदला हो सकता है। वहीं, दूसरे चरण के मतदान को देखते हुए नेपाल सीमा से सटे जिलों में चौकसी और बढ़ा दी गई है।
किशनगंज में मतदान के बीच सुरक्षा एजेंसियां चौकन्नी हैं। देर रात तक पुलिस-प्रशासन की टीमों ने फ्लैग मार्च किया और मुख्य मार्गों व बॉर्डर एरिया में सघन जांच अभियान चलाया। एसपी सागर कुमार ने बताया कि नेपाल सीमा से सटे इलाकों में चौकसी बढ़ा दी गई है और हर वाहन की जांच की जा रही है। दिल्ली ब्लास्ट के बाद खुफिया एजेंसियां भी हाई अलर्ट पर हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।