सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना से ठीक पहले रोहतास जिले के सासाराम में एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने सासाराम स्थित मतगणना केंद्र (बाजार समिति परिसर) में देर रात एक ट्रक के बिना किसी पूर्व सूचना के घुसने का आरोप लगाते हुए ‘वोट चोरी’ का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना से नाराज़ RJD प्रत्याशी और कार्यकर्ताओं ने Strong Room के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
RJD ने उठाए गंभीर सवाल
RJD के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से घटना का एक वीडियो साझा करते हुए जिला प्रशासन और चुनाव आयोग से कई तीखे सवाल पूछे गए हैं:
ट्रक चालकों को बिना पूछताछ के सामने लाए बिना क्यों भगा दिया गया?
कथित तौर पर EVM से भरा हुआ ट्रक सासाराम (रोहतास जिला) के मतगणना केंद्र में बिना किसी पूर्व सूचना और पारदर्शिता के जिला प्रशासन द्वारा क्यों घुसाया गया?
रात 2 बजे से CCTV कैमरा का फीड क्यों बंद रहा, जबकि EVM Strong Room में हैं?
आरजेडी ने बिहार चुनाव आयुक्त और चुनाव आयोग को टैग करते हुए तत्काल इस मामले पर स्पष्टीकरण मांगा है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन ने सही जानकारी सामने नहीं रखी, तो कथित ‘वोट चोरी’ को रोकने के लिए हजारों लोग मतदान केंद्र तक पहुंच जाएंगे।
क्या है पूरा मामला?
पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब नगर थाना क्षेत्र के बाजार समिति परिसर, जिसे EVM के लिए वज्र गृह (Strong Room) बनाया गया है, के बाहर टीन का खाली बक्सा लदा एक ट्रक परिसर में पहुंचा। इसे देखकर RJD सहित कई प्रत्याशियों के समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया और Strong Room की सुरक्षा पर सवाल उठाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रोहतास के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम और एसपी तत्काल मौके पर पहुंचे। RJD के दिनारा प्रत्याशी राजेश यादव, सासाराम के प्रत्याशी सतेंद्र साह, और नोखा प्रत्याशी अनीता चौधरी सहित कई नेता और कार्यकर्ता Strong Room के अंदर सीसीटीवी खराब होने की शिकायत करते हुए धरने पर बैठ गए।
प्रशासन ने दी सफाई, जाँच के आदेश
रोहतास एसपी रोशन कुमार ने इस बात को स्वीकार किया है कि परिसर में खाली बक्सा लदा हुआ ट्रक पहुंचा था। हालांकि, उन्होंने EVM में किसी तरह की गड़बड़ी की बात से इनकार किया। वहीं, जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम ने इस मामले में चेनारी विधानसभा के निर्वाची पदाधिकारी सह एडीएम रोहतास ललित रंजन से स्पष्टीकरण मांगा है। प्रशासन का कहना है कि मतगणना केंद्र के परिसर में खाली बक्से और अन्य सामान ले जाने की प्रक्रिया सामान्य होती है, लेकिन पारदर्शिता न बरतने के कारण यह विवाद पैदा हुआ। RJD और अन्य विपक्षी दलों ने प्रशासन की इस सफाई को मानने से इनकार कर दिया है और उनकी माँग है कि पूरे घटनाक्रम का CCTV फुटेज सार्वजनिक किया जाए।