आजकल ज़्यादातर समय दफ्तर में बिताने के कारण लोगों के बीच नज़दीकियां बढ़ना आम होता जा रहा है। लंबे घंटे साथ काम करना, लगातार बातचीत और टीम वर्क कई बार प्रोफेशनल रिश्तों को पर्सनल मोड़ दे देता है। इसी माहौल में ऑफिस रोमांस का चलन तेजी से बढ़ा है। अब एक अंतरराष्ट्रीय सर्वे ने खुलासा किया है कि ऑफिस अफेयर्स के मामले में भारत दुनिया के टॉप देशों में जगह बना चुका है, जिससे यह विषय एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
हाल ही में प्राइवेट रिश्तों के लिए मशहूर प्लेटफॉर्म Ashley Madison और YouGov द्वारा 11 देशों में किए गए एक बड़े अंतरराष्ट्रीय अध्ययन ने ऑफिस रोमांस पर भारतीय रुझान की दिलचस्प तस्वीर पेश की है। सर्वे में पाया गया कि कार्यस्थल पर रोमांटिक रिश्तों के मामले में भारत दुनिया में दूसरे स्थान पर है, जबकि मेक्सिको पहले नंबर पर है। वहीं, 13,581 वयस्क प्रतिभागियों पर आधारित इस सर्वे में पता चला कि 51% भारतीय पुरुषों ने किसी सहकर्मी के साथ रोमांटिक रिश्ता बनाने की बात मानी, जबकि महिलाओं में यह आंकड़ा 36% है। करियर को लेकर चिंता महिलाओं में अधिक दिखी। 29% महिलाएं मानती हैं कि ऑफिस अफेयर उनकी पेशेवर प्रगति पर असर डाल सकता है, वहीं ऐसा मानने वाले पुरुष 27% हैं। 18-24 आयु वर्ग के युवा भी खासे सतर्क नजर आए। इस उम्र के 34% प्रतिभागियों ने बताया कि करियर पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव के कारण वे ऑफिस रिश्तों से दूरी बनाए रखते हैं।
भारत में ऑफिस रोमांस का उभार सिर्फ कार्यस्थल की नज़दीकियों का नतीजा नहीं, बल्कि रिश्तों को लेकर बदलते सामाजिक नजरिए से भी गहराई से जुड़ा है। ओपन रिलेशनशिप और ओपन मैरिज जैसे गैर-पारंपरिक रिश्तों की चर्चा अब मुख्यधारा में तेजी से बढ़ रही है। डेटिंग ऐप Gleeden के एक सर्वे के मुताबिक, 35% भारतीय वर्तमान में ओपन रिलेशनशिप में हैं, जबकि 41% लोग अपने पार्टनर के सुझाव पर इसे अपनाने पर विचार कर सकते हैं। दिलचस्प बात यह है कि यह रुझान केवल बड़े मेट्रो शहरों तक सीमित नहीं, बल्कि छोटे शहर भी इसमें तेजी से शामिल हो रहे हैं। कांचीपुरम तो ऐसे गैर-पारंपरिक रिश्तों में दिलचस्पी दिखाने वालों की सूची में सबसे ऊपर पाया गया है।