सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में नई सरकार के गठन के साथ ही राज्य में अवैध निर्माण और माफिया नेटवर्क के खिलाफ एक कड़ा संदेश देते हुए बड़े पैमाने पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू हो गई है। उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के गृह विभाग की कमान संभालते ही पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें राजधानी पटना, मोतिहारी, दानापुर समेत कई प्रमुख शहरों की सड़कों पर जेसीबी, बुलडोजर और क्रेन के साथ तड़के ही उतर गईं। इस ‘रफ्तार’ और ‘दनादन एक्शन’ से भू-माफियाओं और अतिक्रमणकारियों में जबरदस्त हड़कंप मच गया है।
सरकार की मंशा साफ है कि अब अपराध, माफिया नेटवर्क और सार्वजनिक संपत्ति पर अवैध कब्जों पर ज़ीरो टॉलरेंस की नीति लागू होगी। गृह विभाग का प्रभार लेने के बाद सम्राट चौधरी ने डीजीपी के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस नीति को स्पष्ट करते हुए कहा था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन को और सख्ती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने सड़क पर ‘रोमियो’ बनने वालों और सोशल मीडिया पर अभद्र पोस्ट करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
48 साल पुराने आदेश पर मोतिहारी में सबसे बड़ी कार्रवाई
इस अभियान के दौरान मोतिहारी में प्रशासन ने एक ऐतिहासिक और सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। यह कार्रवाई अदालत के 48 साल पुराने आदेश के बाद की गई। जमीन विवाद से जुड़े 6 बीघा क्षेत्र में फैले पक्के मकानों, दुकानों और कच्चे निर्माण को हटाने के लिए कई बुलडोजर तैनात किए गए। बड़ी संख्या में पुलिस बल और दंगा नियंत्रण दस्ते की तैनाती के कारण विरोध करने की लोगों की कोशिशें नाकाम रहीं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अदालत के आदेश का पालन हर हाल में किया जाएगा, जिसके बाद इलाके में तनाव के बावजूद कार्रवाई पूरी की गई।
पटना में मेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान
राजधानी पटना में, शहर को जाम और अव्यवस्था से मुक्त करने के उद्देश्य से एक मेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। दारोगा राय पथ पर सरकारी आवासों के आसपास की झोंपड़ियों को ध्वस्त किया गया, जबकि वीरचंद पटेल पथ पर ठेले पर चल रही चाय-नाश्ता की दुकानों और आर ब्लॉक गोलंबर के पास सड़क किनारे बने अवैध ढांचों को हटाया गया।
कंकड़बाग अंचल में भी इस अभियान की तीव्रता देखने को मिली, जहां पाटलिपुत्र खेल परिसर के चारों तरफ से अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान प्रशासन ने कुल 12 शेड, 6 ठेले और 50 बांस-बल्ले जब्त किए। पूरे अभियान के दौरान, बांकीपुर अंचल (खेतान मार्केट, कदमकुआं) और कंकड़बाग अंचल में मिलाकर ₹41,700 का जुर्माना वसूला गया, जो सरकार की सख्ती को दर्शाता है।
दानापुर समेत अन्य शहरों में भी जेसीबी एक्शन
केवल राजधानी तक ही सीमित न रहते हुए, यह अभियान दानापुर के मुख्य बाजार क्षेत्र और सड़क किनारे, सरकारी भूखंड, खेल मैदान और बाजार परिसरों से अवैध कब्जे हटाए गए। अधिकारियों का संदेश साफ है कि सरकारी और सार्वजनिक जमीन पर अवैध कब्जा अब किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है, और मोहलत की मांग करने वाले कारोबारियों को भी चेतावनी देकर हटाया गया।
अलग-अलग शहरों में एकसाथ हुई इन ताबड़तोड़ कार्रवाइयों ने स्पष्ट कर दिया है कि नई सरकार की कार्यप्रणाली में ‘बुलडोजर संस्कृति’ को सख्ती से लागू किया जाएगा। आम जनता इस मुहिम का स्वागत कर रही है, उनका मानना है कि यदि यह अभियान लगातार जारी रहा तो शहरों को जाम और गंदगी से बड़ी राहत मिलेगी।