बिहार में अपराधियों का तांडव जारी: सिवान में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप से ₹1 करोड़ की लूट, गृह मंत्री सम्राट चौधरी को खुली चुनौती!

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। नई एनडीए सरकार के गठन के बावजूद, अपराधी बेखौफ होकर एक के बाद एक बड़ी आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला सिवान जिले के रघुनाथपुर इलाके का है, जहां टारी बाजार में आधा दर्जन नकाबपोश अपराधियों ने दिनदहाड़े कृष्णा ज्वेलर्स शॉप में एक करोड़ रुपये मूल्य के नकदी और जेवरात की बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया।

दिनदहाड़े एक करोड़ की लूट, अपराधी फायरिंग करते फरार
सिवान के रघुनाथपुर थानाक्षेत्र के टारी बाजार में छह की संख्या में आए बाइक सवार नकाबपोश अपराधियों ने ज्वेलरी शॉप में घुसकर हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बताया जाता है कि अपराधियों ने करीब एक करोड़ रुपये के नकद और जेवरात लूट लिए। लूट की वारदात को अंजाम देने के दौरान अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए 6 राउंड फायरिंग भी की और हथियार लहराते हुए आसानी से नौ दो ग्यारह हो गए। इस घटना से इलाके के व्यवसायियों और आम जनता में गहरा दहशत का माहौल है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

गृह मंत्री सम्राट चौधरी को सीधी चुनौती
यह घटना इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह बिहार के गृह मंत्री और उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के लिए सीधी चुनौती मानी जा रही है। गृह मंत्री बनते ही सम्राट चौधरी ने सख्त बयान दिया था कि बिहार में एंटी रोमियो स्क्वॉयड बनेगा और सोशल मीडिया पर गाली देने वालों पर लगाम लगेगी, जिससे लोगों को यह लगने लगा था कि अब अपराधियों की खैर नहीं है।

लेकिन, सिवान में इतनी बड़ी लूटकांड को दिनदहाड़े अंजाम देकर अपराधियों ने यह मैसेज दिया है कि बिहार में क्राइम खत्म नहीं हो सकता। बीते कई दिनों से बिहार में हत्या, लूट, डकैती, चोरी, अपहरण जैसी आपराधिक वारदातें लगातार हो रही हैं, जिसे रोक पाने में नई सरकार और उनकी पुलिस असफल साबित हो रही है।

प्रशासनिक बदलाव भी नहीं ला पाए असर
गौरतलब है कि पिछली सरकार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद गृह मंत्री थे। एनडीए की नई सरकार में यह विभाग डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को इस उम्मीद से दिया गया था कि शायद वह बिहार के अपराधियों पर लगाम कसेंगे। हालांकि, ऐसा होता नहीं दिख रहा है, बल्कि अपराधी और भी बेखौफ नजर आ रहे हैं।

सिवान में इतनी बड़ी घटना को अंजाम देकर नकाबपोश अपराधियों ने अपने मनोबल का प्रमाण दिया है। इससे साफ है कि प्रशासनिक नेतृत्व में बदलाव के बावजूद, जमीन पर कानून-व्यवस्था की स्थिति में कोई सुधार नहीं आया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी है, लेकिन इस घटना ने राज्य में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article