वोट अधिकार यात्रा और नकलची के आरोपों पर भड़के मंत्री अशोक चौधरी, तेजस्वी को दी चुनौती

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने इंडिया गठबंधन की ‘वोट अधिकार यात्रा’ और तेजस्वी यादव के आरोपों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने तेजस्वी यादव को चुनौती देते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो चुनाव का बहिष्कार करके दिखाएं।

‘वोट अधिकार यात्रा’ पर हमला बोलते हुए चौधरी ने कहा कि एक तरफ आप यात्रा की बात करते हैं, और दूसरी तरफ अपने पूरे परिवार के फॉर्म भर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि “यह कैसी राजनीति है?” चौधरी ने कहा कि अगर मतदाता सूची में कोई गड़बड़ी है और किसी का नाम छूट गया है, तो एक महीने का समय दिया गया है ताकि लोग उसे जुड़वा सकें।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

सीतामढ़ी में मंदिर शिलान्यास पर खुशी

सीतामढ़ी में मां सीता के मंदिर के शिलान्यास को लेकर चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार लंबे समय से वहां एक भव्य मंदिर बनाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि नीतीश कुमार ने बिहार में कई अन्य मंदिर भी बनवाए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शिलान्यास समारोह में आने को उन्होंने एक शुभ संकेत बताया।

तेजस्वी को नोटिस और चुनाव बहिष्कार पर हमला

चुनाव आयोग द्वारा तेजस्वी यादव को नोटिस दिए जाने पर अशोक चौधरी ने कहा कि चुनाव आयोग यही देखना चाहता है कि किसके पास कई वोटर आईडी हैं। उन्होंने कहा कि जब मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है, तो उस पर बहस नहीं की जा सकती। उन्होंने तेजस्वी को ‘बिजनेस ऑफ एग्जीक्यूटिव’ करने की सलाह दी और कहा कि नई परिपाटी की शुरुआत न करें।

चुनाव बहिष्कार के तेजस्वी के बयान पर चौधरी ने कहा कि ठीक है, कर लें। उन्होंने कहा कि ऐसे बहुत से चुनाव होते हैं, जिनमें लोग भाग नहीं लेते हैं। अगर आप चुनाव का बहिष्कार करेंगे, तो दूसरे लोगों को सर्टिफिकेट मिल जाएगा। इसमें कोई बड़ी बात नहीं है।

नीतीश कुमार को नकलची कहने पर पलटवार

तेजस्वी यादव द्वारा नीतीश कुमार पर ‘नकलची’ होने के आरोप पर अशोक चौधरी भड़क गए। उन्होंने कहा कि क्या आज तक नीतीश कुमार ने जितने भी काम किए हैं, वह तेजस्वी यादव के कहने पर किए हैं? उन्होंने पूछा, “आज बिहार का जो विकास हुआ है और बजट बढ़ा है, क्या यह तेजस्वी यादव की नकल है?”

चौधरी ने कहा कि जब नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने थे, तो बिहार में 40% लोग गरीबी रेखा के नीचे थे, जो आज घटकर 16-17% हो गए हैं। उन्होंने पूछा, “क्या यह तेजस्वी की नकल करके किया गया है?” उन्होंने आगे कहा कि पहले सिर्फ 3% घरों में शौचालय था, जो आज 96% घरों में है, और पटना में सिर्फ 6 घंटे बिजली आती थी। चौधरी ने सवाल किया कि क्या ये सब तेजस्वी यादव की नकल करके किया गया है?

Share This Article