कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल का शुक्रवार सुबह लातूर स्थित अपने घर देववर में निधन हो गया। 91 साल के पाटिल लंबे समय से बीमार थे। उनके निधन की खबर के बाद सियासी गलियारों में शोक की लहर फैल गई है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई दिग्गज नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि पाटिल का निधन अत्यंत दुखद है और उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक करियर में देश के लिए कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। नीतीश ने कहा कि देश की संवैधानिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भूमिका और भारतीय राजनीति में योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। दरअसल, कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने भी पाटिल के निधन पर दुख जताया और कहा कि उनके साथ 2004 से 2009 तक काम करने का अवसर मिला। उन्होंने पाटिल को एक दूरदर्शी और सराहनीय नेता बताते हुए कहा कि देश ने एक बड़ा राजनेता खो दिया है और उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।
हालांकि, आरजेडी सांसद मनोज कुमार झा ने शिवराज पाटिल के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि पाटिल ने कई वर्षों तक विभिन्न पदों पर रहते हुए सार्वजनिक जीवन को समृद्ध किया। झा ने दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिवार एवं समर्थकों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।