गणतंत्र दिवस 2026: तेजस्वी के आवास पर लालू यादव ने किया झंडोत्तोलन, पटना में होकर भी नदारद रहे नेता प्रतिपक्ष

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
देश आज अपना 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मना रहा है। बिहार की राजनीति के केंद्र पटना में भी सुबह से ही झंडोत्तोलन की गहमागहमी रही। इसी क्रम में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने आज सुबह सबसे पहले राबड़ी आवास पर तिरंगा फहराया। इसके पश्चात, वे एक पोलो रोड स्थित अपने बेटे और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सरकारी आवास पहुंचे, जहाँ उन्होंने झंडा फहराया।

तेजस्वी की अनुपस्थिति बनी चर्चा का विषय
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि झंडोत्तोलन के इस गौरवपूर्ण अवसर पर खुद तेजस्वी यादव अपने ही आवास पर मौजूद नहीं थे। राजद के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी के बीच लालू यादव ने अकेले ही रस्म निभाई। तेजस्वी की गैरमौजूदगी ने सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है, क्योंकि वे इस समय पटना में ही मौजूद हैं।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

पिछले साल तेज प्रताप ने संभाली थी कमान
गौरतलब है कि यह लगातार दूसरा साल है जब तेजस्वी यादव अपने आवास पर झंडोत्तोलन के समय उपस्थित नहीं रहे। साल 2025 के गणतंत्र दिवस पर भी तेजस्वी यादव ‘बिहार यात्रा’ पर होने के कारण पटना से बाहर थे। उस समय उनके बड़े भाई तेज प्रताप यादव ने आवास पर झंडा फहराया था। हालांकि, इस साल परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं। तेज प्रताप यादव को पार्टी और परिवार से निष्कासित किया जा चुका है, जिसके कारण आज की जिम्मेदारी पिता लालू यादव को खुद संभालनी पड़ी।

नए पद के बाद पहली बड़ी अनुपस्थिति
तेजस्वी यादव को हाल ही में राजद का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इतने बड़े संगठनात्मक फेरबदल और नई जिम्मेदारी मिलने के ठीक बाद, गणतंत्र दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर उनका सार्वजनिक रूप से न दिखना कई सवाल खड़े कर रहा है। वे न तो राजद कार्यालय में नजर आए, न राबड़ी आवास पर और न ही अपने सरकारी बंगले पर।

राजद समर्थक और राजनीतिक विश्लेषक इस बात को लेकर हैरान हैं कि जब नेता प्रतिपक्ष शहर में ही हैं, तो उन्होंने इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम से दूरी क्यों बनाई? क्या यह किसी भविष्य की राजनीतिक रणनीति का हिस्सा है या इसके पीछे कोई व्यक्तिगत कारण है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

Share This Article