नितिन नवीन के स्वागत में ‘रंगभेद’ भूला समर्थक: भगवा सैलाब के बीच लहराया काला गमछा, बना चर्चा का विषय

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का सोमवार को अपने गृह नगर पटना में ऐतिहासिक अभिनंदन हुआ। बापू सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में वैसे तो चारों ओर केसरिया और भगवा रंग का ही दबदबा था, लेकिन इसी बीच एक समर्थक के उत्साह ने राजनीति के स्थापित ‘रंग-नियमों’ को पीछे छोड़ दिया।

उत्साह में भूला काले रंग का ‘मतलब’
आमतौर पर राजनीति में काला रंग विरोध का प्रतीक माना जाता है, लेकिन बापू सभागार में माहौल इससे बिल्कुल उलट था। जब पूरा सभागार ‘नितिन नवीन जिंदाबाद’ और ‘जय श्री राम’ के नारों से गूंज रहा था, तब सैकड़ों भगवा गमछों के बीच एक कार्यकर्ता ने जोश में आकर अपना काला गमछा ही हवा में लहराना शुरू कर दिया। यह दृश्य इस बात का गवाह बना कि जब भावनाएं चरम पर हों, तो समर्थकों के लिए विचारधारा का रंग गौण हो जाता है। वह काला गमछा विरोध का नहीं, बल्कि अपने नेता के प्रति अगाध प्रेम और समर्थन का प्रतीक बन गया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

पवन सिंह के गानों पर थिरके कार्यकर्ता
नितिन नवीन के स्वागत के लिए पटना एयरपोर्ट पर जबरदस्त इंतजाम किए गए थे। जैसे ही वह बाहर निकले, ढोल-नगाड़ों की थाप और फूलों की बारिश के बीच भोजपुरी स्टार पवन सिंह का सुपरहिट गाना “जोड़ी मोदी-नीतीश के हिट हो गइल” गूंज उठा। इस गाने ने कार्यकर्ताओं के जोश को दोगुना कर दिया और एयरपोर्ट से लेकर बापू सभागार तक का रास्ता एक उत्सव में बदल गया।

संगठन की मजबूती पर जोर
समारोह के दौरान नितिन नवीन ने बिहार के कोने-कोने से आए हजारों कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने संगठन को और अधिक धार देने और आगामी चुनौतियों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने इस मौके पर कहा कि नितिन नवीन का नेतृत्व बिहार के कार्यकर्ताओं के लिए नई ऊर्जा का संचार करेगा।

यह दौरा न केवल नितिन नवीन के व्यक्तिगत कद को दर्शाता है, बल्कि बिहार में भाजपा की जमीनी पकड़ और कार्यकर्ताओं के अटूट उत्साह को भी पेश करता है।

Share This Article