भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट की प्रतिद्वंद्विता केवल एक खेल नहीं, बल्कि एक वैश्विक घटना है। कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में 15 फरवरी को खेले गए इस मुकाबले ने डिजिटल व्यूअरशिप के इतिहास में एक नया अध्याय लिख दिया है।
व्यूअरशिप के टूटे सारे रिकॉर्ड;
इस मुकाबले ने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर अब तक के सभी पुराने रिकॉर्ड्स को ध्वस्त कर दिया है। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कुल 16.3 करोड़ यूजर्स ने इस मैच को देखा, जो किसी भी ICC T20 इवेंट के लिए एक नया शिखर है। बता दें कि मैच को कुल 20 अरब मिनट (20 Billion Minutes) तक देखा गया। यह पिछले संस्करण के मुकाबले 42% अधिक है। हालांकि, इस मैच ने 2024 के भारत-बनाम-दक्षिण अफ्रीका फाइनल को भी पीछे छोड़ दिया। यहाँ तक कि पिछले साल के भारत-पाक मैच की तुलना में इस बार डिजिटल रीच में 56% की भारी बढ़ोतरी देखी गई। जियोहॉटस्टार के अनूप गोविंदन (स्पोर्ट्स सेल्स हेड) और सिद्धार्थ शर्मा (कंटेंट हेड) ने इसे भारतीय प्रशंसकों के ‘टी-20 वर्ल्ड कप के प्रति जुनून’ का सबसे बड़ा प्रमाण बताया है।
मैदान पर भारत का दबदबा;
दरअसल, इस जीत के साथ भारत ने न केवल सुपर-8 में अपनी जगह पक्की की, बल्कि पाकिस्तान के खिलाफ अपने विश्व कप रिकॉर्ड को और मजबूत किया। टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अब भारत और पाकिस्तान का स्कोर 8-1 हो गया है। भारत अब डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में 21 फरवरी से सुपर-8 के मुकाबलों में अपनी चुनौती पेश करेगा।
सुपर-8 का रोमांच और शेड्यूल;
टूर्नामेंट अब अपने सबसे निर्णायक मोड़ पर पहुँच गया है। बता दें कि 4-4 टीमों के दो ग्रुप बनाए गए हैं। वहीं, प्रत्येक टीम अपने ग्रुप की अन्य टीमों के साथ 3 मैच खेलेगी। दोनों ग्रुप से शीर्ष 2 टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। इसके अलावा 22 फरवरी, 26 फरवरी और 1 मार्च को ‘Double Header’ (एक दिन में दो मैच) होंगे, जबकि बाकी दिनों में एक-एक मुकाबला खेला जाएगा।