शाहिद कपूर के फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज ‘फर्जी’ के दूसरे सीजन की शूटिंग आधिकारिक तौर पर शुरू हो चुकी है। शनिवार को शाहिद ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर सेट से पहले दिन की एक झलक साझा करते हुए अपने किरदार ‘सनी’ के लुक को भी रिवील किया।

दरअसल, फोटो शेयर करते हुए अभिनेता ने उत्साह के साथ लिखा- “फर्जी 2 का पहला दिन… वापस शुरू!” फरवरी में शाहिद ने राज और डी.के. (क्रिएटर्स) के साथ एक फोटो शेयर कर पुष्टि की थी कि “नकली काम करने वाले” फिर से लौट रहे हैं। राज और डी.के. ने भी सोशल मीडिया पर नोटों की गड्डियों की तस्वीर पोस्ट कर ‘राउंड 2’ की तैयारी का संकेत दिया था। शाहिद कपूर ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि सीजन 2 में समय लगेगा। इसकी वजह बड़े पैमाने पर शूटिंग, पोस्ट-प्रोडक्शन और इसे दुनिया भर के 200 देशों में कई भाषाओं में डब कर रिलीज करने की लंबी प्रक्रिया है।

‘फर्जी’ का पहला सीजन 10 फरवरी 2023 को अमेज़न प्राइम वीडियो पर आया था, जो देखते ही देखते सुपरहिट हो गया। सनी (शाहिद कपूर) एक ऐसा कलाकार है जो हूबहू पेंटिंग्स बना सकता है। अपने नाना (अमोल पालेकर) के अखबार ‘क्रांति’ को कर्ज से बचाने के लिए वह नकली नोट छापने के धंधे में उतर जाता है और अपराध के गहरे दलदल में फंस जाता है। सीरीज में शाहिद के साथ विजय सेतुपति (टास्क फोर्स ऑफिसर), के के मेनन, राशि खन्ना, भुवन अरोड़ा और रेजिना कैसेंड्रा जैसे दिग्गज कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं।