सिटी पोस्ट लाइव: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से अपने दो दिवसीय बिहार दौरे की शुरुआत करेंगे। इसी क्रम में वह आज पटना पहुंचेंगे। उनके आगमन से पहले प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी के काफिले (कार्केड) का रिहर्सल किया गया। यह रिहर्सल पटना एयरपोर्ट से लेकर बीजेपी प्रदेश कार्यालय तक के पूरे रूट पर किया गया, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोड शो करते हुए जाएंगे।
पटना एयरपोर्ट से निकलने के बाद प्रधानमंत्री का काफिला बेली रोड होते हुए बीजेपी कार्यालय तक पहुंचेगा। इसी रास्ते का बुधवार को ट्रायल किया गया। रिहर्सल में पटना पुलिस, एसपीजी, और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों की गाड़ियाँ भी शामिल थीं। सुरक्षा की दृष्टि से हर मोड़ और हर संभावित पॉइंट पर जवानों को तैनात किया गया था। ट्रैफिक मूवमेंट का भी ध्यान रखा गया ताकि आम जनता को कम से कम परेशानी हो।
इस रिहर्सल में उस पूरे दृश्य को दोहराया गया जो प्रधानमंत्री की वास्तविक यात्रा के दौरान देखने को मिलेगा। काफिले में शामिल गाड़ियों की संख्या, उनकी गति, उनके ठहराव और रूट डायवर्जन की व्यवस्था का भी परीक्षण किया गया। रिहर्सल के दौरान बीजेपी कार्यालय के बाहर भी विशेष सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी।
बीजेपी कार्यालय पहुंचने के बाद रिहर्सल काफिला वहीं से पुनः पटना एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ। इस रूट की भी मॉक ड्रिल की गई ताकि प्रधानमंत्री के वापसी मार्ग को लेकर कोई चूक न हो।
प्रशासन ने साफ किया है कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सभी सुरक्षा उपाय पूरे कर लिए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस द्वारा वैकल्पिक मार्गों की सूची भी तैयार की जा रही है ताकि आम लोगों की आवाजाही पर ज्यादा असर न पड़े।
प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। रोड शो को लेकर पटना की सड़कों को सजाया जा चूका है, और पार्टी कार्यालय में भी तैयारियाँ जोरों पर हैं।
प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा को देखते हुए आम लोगों से भी सहयोग की अपील की गई है कि वे सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करें और किसी भी तरह की अफवाहों से बचें।