पवन सिंह की बढ़ेंगी मुश्किलें! हरियाणवी क्वीन अंजलि राघव पहुंचीं महिला आयोग, लगाया गंभीर आरोप…

Ritu Raj

भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं। हरियाणवी अभिनेत्री और डांसर अंजलि राघव ने उन पर मंच पर दुर्व्यवहार करने और बाद में सोशल मीडिया पर छवि खराब करने का गंभीर आरोप लगाया है। अंजलि ने इस मामले में हरियाणा राज्य महिला आयोग का दरवाजा खटखटाया है।

विवाद की मुख्य वजहें;
अंजलि ने आरोप लगाया कि लखनऊ में एक गाने के प्रमोशन के दौरान पवन सिंह ने उनकी सहमति के बिना मंच पर उनके साथ अनुचित व्यवहार किया, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना के बाद पवन सिंह की पीआर टीम ने सुनियोजित तरीके से उनके खिलाफ ट्रोलिंग करवाई और फर्जी व अपमानजनक पोस्ट फैलाए। अभिनेत्री ने भावुक होते हुए बताया कि इस विवाद और सोशल मीडिया पर बढ़ी नकारात्मकता के कारण दिल्ली की मशहूर रामलीला में उनसे माता सीता का किरदार भी छीन लिया गया, जो उनकी दिवंगत मां की अंतिम इच्छा से जुड़ा हुआ था।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

शिकायत में की गई प्रमुख मांगें;
अंजलि राघव ने महिला आयोग को भेजे अपने ई-मेल में सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि सोशल मीडिया और इंस्टाग्राम पर उनके खिलाफ किए गए सभी आपत्तिजनक और झूठे पोस्ट तुरंत हटाए जाएं। उन्होंने यह भी मांग की कि पीआर टीम द्वारा दी जा रही धमकियों और मानसिक उत्पीड़न के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही, उन्होंने संबंधित पक्षों से इस अपमान के लिए सार्वजनिक माफी दिलाने की मांग रखी। डांसर ने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे उन्हें लगातार मानसिक तनाव झेलना पड़ रहा है।

क्यों अब उठाया यह कदम?
अंजलि ने बताया कि हाल ही में रैपर बादशाह के मामले में महिला आयोग के सख्त रुख को देखकर उन्हें न्याय की उम्मीद जगी है। हालांकि पहले पवन सिंह ने इस मामले में सोशल मीडिया पर माफी मांग ली थी, लेकिन अंजलि का आरोप है कि उनकी टीम लगातार पर्दे के पीछे से उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रही है, जिससे वह अवसाद (Depression) की स्थिति में पहुँच गई हैं।

Share This Article