बिहार के नालंदा जिले के मघड़ा गांव स्थित माता शीतलाष्टमी मंदिर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मचने से 8 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 6 से अधिक लोग घायल हो गए।

चैत्र महीने के अंतिम मंगलवार और शीतला अष्टमी के अवसर पर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान अफरा-तफरी फैल गई, जिससे यह हादसा हुआ। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मंदिर और आसपास लगने वाले मेले को बंद करा दिया। मृतकों में रीता देवी (50) और रेखा देवी (45) के रूप में पहचान हो सकी है,जो नालंदा की निवासी थीं। घायलों को इलाज के लिए मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पटना के कमिश्नर को बिहारशरीफ भेजा गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों के लिए 6 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की गई है, जिसमें 2 लाख मुख्यमंत्री राहत कोष और 4 लाख आपदा प्रबंधन विभाग से दिए जाएंगे। यह मंदिर बिहारशरीफ से लगभग 5 किलोमीटर दूर स्थित है और शीतला अष्टमी के दिन यहां विशेष पूजा होती है। इस परंपरा के तहत भक्त एक दिन पहले बना ठंडा भोजन माता को अर्पित करते हैं, जिसके कारण हर साल इस अवसर पर यहां भारी भीड़ उमड़ती है।