सब-इंस्पेक्टर से DSP तक का सफर: 100 करोड़ की काली कमाई में पत्नी, गर्लफ्रेंड और नौकरानी का कनेक्शन!..

Ritu Raj

1994 में गौतम कुमार ने बिहार पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के रूप में नौकरी शुरू की थी। उस समय उनकी कुल संपत्ति केवल पटना का एक पुश्तैनी घर थी। लेकिन तीन दशकों की सेवा के बाद वे आज कथित तौर पर लगभग 100 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति के मालिक बन चुके हैं।

उनकी निजी जिंदगी भी चर्चा में है। उनकी पत्नी रूबी कश्यप के नाम पर कई संपत्तियां हैं, जबकि उनकी कथित प्रेमिका शगुफ्ता शमीम के नाम पर उससे भी अधिक प्रॉपर्टी खरीदी गई। इसके अलावा, उनकी घरेलू सहायक पारो भी आलीशान जीवन जीती नजर आई, जिसके सोशल मीडिया पोस्ट और तस्वीरें चर्चा का विषय बनीं। जांच एजेंसी आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने 29 मार्च को उनके खिलाफ मामला दर्ज किया और 31 मार्च को कई ठिकानों पर छापेमारी की। अब तक करीब 80 करोड़ रुपये की संपत्ति का खुलासा हुआ है, जो आगे की जांच में बढ़कर लगभग 100 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है। गौतम कुमार का करियर भी तेजी से आगे बढ़ा, 2013 में इंस्पेक्टर और 2019 में डीएसपी बने। वर्तमान में उन्हें किशनगंज के SDPO-1 पद से हटा दिया गया है। जांच में सामने आया है कि उन्होंने बिहार, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, नेपाल समेत कई जगहों पर संपत्तियां खरीदीं, जिनमें सिलीगुड़ी का चाय बागान और नोएडा-गुरुग्राम के फ्लैट शामिल हैं।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

सूत्रों के अनुसार, उन्होंने बॉर्डर इलाकों में सक्रिय शराब, कोयला और तस्करी माफियाओं से सांठगांठ कर अवैध कमाई की। किशनगंज जैसे सीमावर्ती इलाके में पोस्टिंग के दौरान उन पर माफियाओं को संरक्षण देने और बदले में मोटी रकम लेने के आरोप हैं। छापेमारी में उनके चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनमें से कुछ फर्जी नाम पर लिए गए सिम कार्ड से चल रहे थे। अब कॉल डिटेल और डिजिटल डेटा के जरिए नेटवर्क और लेन-देन की गहराई से जांच की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि उन्होंने करीब 25 संपत्तियां खरीदीं, जिनमें से कई पत्नी, बेटे, सास और महिला मित्र के नाम पर दर्ज हैं। इन संपत्तियों को कम कीमत दिखाकर रजिस्ट्री कराने और नकद लेन-देन के जरिए खरीदने के आरोप भी लगे हैं। फिलहाल आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीमें किशनगंज और पूर्णिया में कैंप कर रही हैं और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही हैं। आने वाले समय में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Share This Article