बिहार में ठंड का असर अब तेज़ी से बढ़ने लगा है। बुधवार की सुबह पटना, गोपालगंज, बेतिया, बगहा समेत 10 से अधिक जिलों में घना कोहरा छाए रहने से जनजीवन प्रभावित हुआ। ठंडी हवाओं और कम तापमान के कारण सुबह-सुबह कड़ाके की ठंड महसूस की गई, जिससे लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा।
बिहार में सर्दी का ग्राफ लगातार नीचे जा रहा है। सबौर और औरंगाबाद में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री के आसपास पहुंचने से ठंड और तेज हो गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों तक प्रदेश में घना कोहरा छाया रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान में भी धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जाएगी। पछुआ हवा के असर से खासकर पूर्व और उत्तर बिहार के जिलों में सुबह के समय घना कोहरा और कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है।
राजधानी पटना में फिलहाल मौसम सामान्य बने रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 13 दिसंबर तक शहर में न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। पिछले 24 घंटे में पटना का न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री दर्ज किया गया। बुधवार की सुबह कोहरे के साथ हुई, हालांकि दिन चढ़ने पर धूप निकलने से मौसम सामान्य रहा। वहीं रात होते ही सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन एक बार फिर बढ़ गई है।