बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद अपराधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस एक्शन मोड में नजर आ रही है। बुधवार सुबह राजधानी पटना के बेउर थाना क्षेत्र स्थित सिपारा कृषि फार्म में पुलिस और अपराधियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में रामकृष्ण नगर ज्वेलरी डकैती कांड का मुख्य आरोपी दिलीप पैर में गोली लगने से घायल हो गया है।

हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर हमला;
पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के अनुसार, पुलिस ने लूटकांड के संदिग्ध उदित की निशानदेही पर मास्टरमाइंड दिलीप को मंगलवार शाम गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दिलीप ने स्वीकार किया कि डकैती के बाद उसने हथियार सिपारा कृषि फार्म के पीछे छिपा दिए थे।

आज सुबह जब पुलिस की टीम उसे लेकर हथियार बरामद करने पहुंची, तो दिलीप ने वहां छिपाकर रखे देसी कट्टे से सब-इंस्पेक्टर हेमंत झा पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली दिलीप के पैर में लगी।

क्या था मामला?
बीती 19 अप्रैल को रामकृष्ण नगर के पुराने गैस गोदाम वाली गली में स्थित एक ज्वेलरी शॉप में भीषण डकैती हुई थी। सीसीटीवी और जांच के आधार पर पुलिस अपराधियों तक पहुंची। फिलहाल, पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।