- हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर शव बाहर निकलवाया
सिटी पोस्ट लाइव
बक्सर। सोमेश्वर घाट पर गंगा में स्नान के दौरान गहरे पानी में डूबने से दो किशोरों की जान चली गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी नगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से दोनों शवों की तलाश शुरू की। कुछ देर की मशक्कत के बाद दोनों के शव बरामद कर लिए गए। शव मिलने के बाद पुलिस ने उनकी पहचान का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। आखिरकार, पंचनामा तैयार कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया गया।

घटना के बाद घाट पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई, लेकिन अब तक किसी ने मृतकों की पहचान नहीं की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों किशोर गंगा स्नान के लिए एक साथ पानी में उतरे थे। इसी दौरान एक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने की कोशिश में दूसरा किशोर भी पानी में समा गया। सूत्रों के मुताबिक, घाट किनारे उनकी साइकिल खड़ी मिली, जिस पर उनके कपड़े रखे थे। नगर थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शवों को सुरक्षित रखा जाएगा और उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर पहचान के लिए अपील की गई है।