सिटी पोस्ट लाइव
बक्सर। राजपुर थाना क्षेत्र के सिकरौल गांव में रविवार की रात एक खलिहान में आग लगने से किसान संतोष राय की लगभग 25 बीघा सरसों की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई। इस अग्निकांड में किसान को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति ने रात के समय खलिहान में आग लगा दी, जिससे कुछ ही मिनटों में फसल लपटों में घिर गई। सोमवार सुबह जब कुछ ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तो उन्होंने धुआं उठते देखा और शोर मचाया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक फसल पूरी तरह जल चुकी थी।
पीड़ित किसान संतोष राय ने इस घटना पर न्याय की मांग करते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। हालांकि, थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि अभी तक किसी ने शिकायत नहीं दी है। जैसे ही आवेदन प्राप्त होगा, आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, थाना अध्यक्ष ने गांववासियों से अपील की कि खेतों में फसल पकने के समय विशेष सावधानी बरतें और खलिहान के पास धूम्रपान से बचें ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।