सिटी पोस्ट लाइव
गोपालगंज : गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र स्थित वृंदावन गांव के पास एनएच-531 पर एक स्कूटी में अचानक विस्फोट हो गया, जिससे दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि स्कूटी पर पटाखों का बारूद रखा गया था, जिसकी चिंगारी से विस्फोट हुआ।

विस्फोट के कारण पास की दो झोपड़ियों में भीषण आग लग गई, जिससे आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई।

घटना के बाद दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सड़क पर हुए इस विस्फोट ने स्थानीय लोगों को चौंका दिया और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

वहीं, आग से प्रभावित दो परिवारों ने मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा किया। थावे अंचल पदाधिकारी और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोग शांत हुए।