बिहार में बढ़ी ठंड, 20 दिसंबर के बाद और गिरेगा पारा.

 

सिटी पोस्ट लाइव : जम्मू कश्मीर से होकर आ रही पछुआ हवा की वजह से बिहार के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है.  लोगों को सुबह और शाम ठंड का एहसास हो रहा है. पछुआ हवा की रफ्तार 8 से 10किमी प्रति घंटा है. अगले एक हफ्ते के बाद फिर से तापमान में गिरावट होगी. अगले 5 दिनों के दौरान सुबह के समय राज्य के अधिकांश भागों के एक या दो स्थानों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान है.

मौसम विभाग के अनुसार  20 दिसंबर के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी, उसके बाद ठंड बढ़ेगी. लेकिन, उससे पहले भी सुबह-शाम कनकनी बनी रहेगी.खेती-किसानी के लिहाज से मौजूदा मौसम सही है. रबी फसलों की बुआई के लिए ऐसा मौसम अनुकूल है. आज की तापमान की बात करें तो गुरुवार को बिहार का अधिकतम तापमान 22 से 24°C के बीच और न्यूनतम तापमान 10 से 12°C के बीच रहने की संभावना है. सुबह में पटना सहित राज्य के जिले में कुहासा छाया हुआ है और दिन में धूप खिली रहेगी.

पछुआ हवा के प्रवाह से राजधानी सहित जिलों के तापमान में गिरावट आने से ठंड में बढ़ोतरी हुई है. पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 26°C और  न्यूनतम तापमान 8°C भागलपुर के सबौर में दर्ज किया गया.राज्य के औसत अधिकतम तापमान 25°C और औसत न्यूनतम तापमान 11°C दर्ज किया गया. बुधवार को पटना का भी न्यूनतम तापमान 10°C दर्ज किया गया.

Bihar Weather