बिहार में गिरने लगा है तापमान, पड़ने लगी है ठंड.

 

सिटी पोस्ट लाइव : बिहार में पछुआ हवा की वजह से  तापमान में गिरावट शुरू हो गई है.पिछले 24 घंटे में राज्य के 23 स्थानों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई. मौसम विज्ञान केंद्र पटना के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जायेगी. सुबह और शाम कोहरा छाए रहने की संभावना है. साथ ही तापमान में भी दो से तीन डिग्री के करीब गिरावट दर्ज की जायेगी. अगले पांच दिनों के दौरान राज्य के उत्तर पश्चिम और दक्षिण पश्चिम भागों के जिलों के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जायेगी. साथ ही कोहरा और धुंध छाए रहने की प्रबल संभावना है.

 

राज्य में पछुआ और उत्तर पछुआ हवा का प्रवाह सतह से 5.8 किमी ऊपर बना हुआ है. इसी वजह से राज्य का मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहेगा, लेकिन सुबह के समय राज्य के अधिकांश भागों में धुंध छाए रहने का पूर्वानुमान है. साथ ही हिमालय के तलहटी और राज्य के पश्चिमी जिलों में सुबह के समय हल्की स्तर का कुहासा छाए रहने की संभावना है.राजधानी पटना में  सुबह के समय धुंध छाए रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान 32°C और न्यूनतम तापमान 19°C रहने की संभावना है.

 

पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम आम तौर पर शुष्क बना रहा. सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.9°C पुपरी (सीतामढ़ी) में दर्ज किया गया. सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.5°C गया में दर्ज किया गया. 05 नवंबर को सबसे ठंडा जिला गया रहा. राज्य का औसत अधिकतम तापमान 31.4°C और औसत न्यूनतम तापमान 19°C दर्ज किया गया. मौसम का यही मिजाज आने वाले चार से पांच दिनों तक बने रहने की संभावना है.

BIHAR Weather Update