सिटी पोस्ट लाइव :बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सबसे ज्यादा एक्शन में कांग्रेस पार्टी है. अब राहुल गांधी के बाद आज कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे दो दिवसीय दौरे पर बिहार आ रहे हैं. खड़गे 19 और 20 अप्रैल को बिहार में रहेंगे. आज दिल्ली से सीधा बक्सर पहुंचेंगे. अपने इस दौरे के दौरान वे बक्सर और पटना में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करेंगे. पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मिलकर आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीतिक चर्चाएं करेंगे. कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान के अनुसार खड़गे 19 अप्रैल को बक्सर के दलसागर मैदान में आयोजित ‘जय बापू-जय भीम-जय संविधान’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे.
आज देर शाम खड़गे पटना पहुंचेंगे. अगले दिन यानी 20 अप्रैल को बापू सभागार में कांग्रेस का एक बड़ा सम्मेलन आयोजित किया गया है जिसमें वो शामिल होंगे. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार ने शुक्रवार को बक्सर के दलसागर खेल मैदान और चुरामनपुर में बन रहे हेलीपैड का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया.उन्होंने बताया कि दोनों कार्यक्रमों की सफलता सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. बिहार में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी नेताओं के साथ विचार-विमर्श करेंगे. खड़गे का यह दौरा महागठबंधन की दूसरी बैठक से पहले हो रहा है, जो सदाकत आश्रम में आयोजित की जाएगी. माना जा रहा है कि इस बैठक में सीट बंटवारे और चुनाव रणनीति जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है.
गौरतलब है कि कांग्रेस इस बार बिहार में चुनावी तैयारी में जी-जान से जुटी है. तीन महीनों में राहुल गांधी तीन बार बिहार का दौरा कर चुके हैं .अब पार्टी अध्यक्ष खुद मोर्चा संभालने आ रहे हैं. कांग्रेस नेताओं को उम्मीद है कि खड़गे का दौरा पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने का काम करेगा और आगामी चुनाव के लिए पार्टी की तैयारी को और मजबूत करेगा.