सिटी पोस्ट लाइव :बिहार में पिछले चार दिन से मानसून सक्रीय है. पटना समेत कई जिलों में बादल छाए हैं.बीती रात से ही पटना और छपरा में हल्की बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने रविवार यानी आज बिहार के 18 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है. इन 18 जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट है. बाकी के 20 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है.इस दौरान 40KM/ प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. साथ ही तेज बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है.बीते 24 घंटे में पटना समेत 13 जिलों में बारिश हुई. राजधानी की सड़कों पर 2 फीट पानी जमा रहा. मौसम विभाग के अनुसार, आज पटना में 666.20 मिमी बारिश दर्ज की गई है.
पटना, समस्तीपुर, बेगूसराय, मुंगेर, कटिहार, छपरा, जहानाबाद, दरभंगा, सीवान, सहरसा, किशनगंज, मधुबनी और सुपौल में बारिश हुई. लगातार बारिश से कई इलाकों में पानी भर चुका है. बारिश के कारण जमुई में नदी का पानी सड़क पर बह रहा है. इससे आधा दर्जन गांवों का संपर्क टूट चुका है. जमुई के झाझा प्रखंड में बरमसिया पुल शनिवार की सुबह धंस गया. इससे बीस हजार आबादी प्रभावित हुई है. 34.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ मोतिहारी सबसे गर्म जिला रहा. छपरा का तापमान 32.8 डिग्री रहा, दरभंगा का 32.3 डिग्री रहा, पटना का तापमान 29.9 डिग्री रहा.गया का तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस रहा.