Bihar Flood:
bihar flood news
सिटी पोस्ट लाइव : बिहार में गंगा समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है. पटना जिले में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया है. बारिश के चलते बिहार में गंगा समेत छह नदियों के जलस्तर में लगातार भारी वृद्धि हो रही है. पटना में गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिसके चलते दियारा क्षेत्र के 78 विद्यालयों को बंद करने का फैसला लिया गया है. 8 प्रखंड़ों के ये सभी विद्यालय करीब-क़रीब पूरी तरह से जलमग्न हो गये हैं. दियारा क्षेत्र के गांव टापू में तब्दील हो गये हैं. ज्यादातर गांवों का सड़क संपर्क पूरी तरह से टूट गया है.
दियारा क्षेत्र की सड़कों पर भी गंगा नदी की बाढ़ का पानी बह रहा है. गांव की गलियों में भी नदी का पानी भर गया है. गंगा नदी का पानी फैलने से अब नाव ही आवागमन का एकमात्र साधन रह गया है. इससे दियारा वासियों की परेशानी बढ़ गयी है. दियारावासी संभावित बाढ़ को देखते हुए अपनी कीमती सामानों, खाद्यान्न व आवश्यक चीजों को सुरक्षित करने में जुट गये हैं.गंगा नदी के जलस्तर में हुई वृद्धि से दियारा क्षेत्र के खेत पूरी तरह से डूब चुके हैं. गंगा नदी का पानी फैलने से फसलों का बर्बाद होना तय हो गया है. इससे किसानों व पशुपालकों में मायूसी देखी जा रही है. दियारावासियों का कहना है कि प्रशासन ने अब तक नाव की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की है. स्कूल भी बाढ़ की चपेट में आ गए हैं. ऐसे में प्रशासन ने 78 स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया है.