Gopal Khemka Case:
सिटी पोस्ट लाइव : पटना के बहुचर्चित कारोबारी हत्याकांड जांच की रफ्तार तेज हो गई है. गोपाल खेमका मर्डर केस में पटना पुलिस ने केस डायरी अदालत में सौंप दी है. आज कोर्ट में दोनों गिरफ्तार आरोपियों की रिमांड को लेकर सुनवाई हो सकती है. पुलिस ने दोनों से पूछताछ के लिए 200 सवालों की विस्तृत प्रश्नावली तैयार की है और पूछताछ के लिए चार विशेष टीमों का गठन भी किया गया है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब तक की जांच में यह स्पष्ट हो चुका है कि गोपाल खेमका की हत्या में शामिल एक शूटर को बैकअप देने के लिए दो अपराधी भी मौजूद थे.ऐसे में अब पुलिस इस पूरे हत्याकांड की साजिश, प्लानिंग और इसके पीछे की मंशा को खंगालने में जुट गई है. तीनों संदिग्धों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) को खंगाला जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हत्या से पहले और बाद में किन-किन लोगों से संपर्क हुआ था.
कोई बड़ा मॉड्यूल तो इस हत्या के पीछे नहीं है. पुलिस को आशंका है कि हत्या में स्थानीय मददगार भी सक्रिय रहे हैं. जांच के दौरान एक विशेष टीम को जेल में बंद अशोक के आवास की तलाशी में कुछ कागजात, पासपोर्ट और अन्य संदिग्ध दस्तावेज मिले हैं. इन सभी दस्तावेजों की भी गहन जांच की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि हत्या के पीछे कोई आर्थिक, जमीन विवाद या कारोबारी रंजिश तो नहीं थी.पटना पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है.
हत्यारों के नेटवर्क, उनकी पहचान, घटना से पूर्व की गतिविधियां और आर्थिक लेन-देन की गहराई से जांच की जा रही है. पुलिस की मानें तो इस केस में जल्द ही और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं. गौरतलब है कि गोपाल खेमका की हत्या उनके आवास के पास उस वक्त की गई थी जब वे क्लब से लौटकर कार से नीचे उतर रहे थे. तभी बाइक सवार अपराधियों ने कनपटी में गोली मार दी थी.