सिटी पोस्ट लाइव : तेजप्रताप यादव से जुड़े विवाद को लेकर तनाव के बीच लालू परिवार में कुशी का माहौल है.लालू यादव के छोटे बेटे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव दूसरी बार पिता बने हैं. उनके घर बेटे ने जन्म लिया है. तेजस्वी यादव ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से दी है. तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री हैं.एकबार फिर से तेजस्वी यादव और राजश्री की लव स्टोरी चर्चा में है. करीब 44000 से अधिक मैरिज प्रपोजल को ठुकरा चुके तेजस्वी यादव के लिए अपनी लव स्टोरी को आगे बढ़ाना आसान नहीं था.राजश्री के नाम और धर्म को लेकर भी खूब बवाल हुआ लेकिन तेजस्वी यादव एक सच्चे आशिक की तरह हार नहीं माने. किसी तरह से उन्होंने अपने परिवार को मनाया और अपनी बचपन की दोस्त को अपनी जीवन संगिनी बनाया.
तेजस्वी यादव ने दिसंबर 2021 में अपनी बचपन की दोस्त रेचल गोडिन्हो(राजश्री) से शादी की. शादी के बाद रेचल ने अपना नाम बदलकर राजश्री यादव रख लिया. तेजस्वी यादव जब डिप्टी सीएम बने थे, तब उन्हें सोशल मीडिया पर करीब 44,000 शादी के प्रस्ताव मिले थे. लेकिन उन्होंने सभी प्रस्तावों को ठुकराते हुए राजश्री से शादी रचाई.
तेजस्वी यादव और राजश्री यादव की मुलाकात दिल्ली के आर.के.पुरम स्थित डीपीएस स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी. दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई. आखिरकार 8 दिसंबर 2021 को दिल्ली में मीसा भारती के फार्महाउस में दोनों ने सात फेरे लिए. शादी में परिवार के बेहद करीबी लोग ही शामिल हुए थे.
राजश्री यादव मूल रूप से हरियाणा के रेवाड़ी जिले की रहने वाली हैं. उनके पिता चंडीगढ़ के एक स्कूल में प्रिंसिपल रह चुके हैं. वे एक ईसाई परिवार से ताल्लुक रखती हैं और दिल्ली में पली-बढ़ी हैं. शादी से पहले वह एक एयरलाइंस में केबिन क्रू (एयर होस्टेस) के रूप में कार्यरत थीं. रेचल एक ईसाई परिवार से थीं तो लालू यादव शुरुआत में इस रिश्ते को लेकर असहज थे. लेकिन बाद में परिवार की खुशी और तेजस्वी की पसंद को ध्यान में रखते हुए उन्होंने इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया.
शादी के बाद लालू यादव ने अपनी बहू का नाम राजश्री यादव रख दिया. परिवार की तरफ से यह तर्क दिया गया कि ‘रेचल गोडिन्हो’ नाम बोलने में कठिनाई होती है, इसलिए भारतीय संस्कृति के अनुरूप नया नाम दिया गया. सोशल मीडिया पर उनकी सादगी व सुंदरता की काफी तारीफ होती है.तेजस्वी और राजश्री की एक बेटी है, जिसका नाम कात्यायनी रखा गया है.सोमवार को तेजस्वी यादव दोबारा पिता बने हैं और इस बार उनके घर बेटे का जन्म हुआ है.