सिटी पोस्ट लाइव : दिल्ली विधानसभा चुनाव के वोटों की गिनती आज सुबह 8 बजे से हो रही है. 70 सीटों के आए रुझानों मे भारतीय जनता पार्टी (BJP) आम आदमी पार्टी से बहुत आगे चल रही है. लंबे समय बाद दिल्ली में बीजेपी सरकार बनाती दिख रही है. भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर मौजूद डेटा के मुताबिक बीजेपी 45 और आम आदमी पार्टी (AAP) 25 सीटों पर आगे है.
बीजेपी ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल से पोस्टर जारी कर दिल्ली की जनता को अपना संदेश दे दिया है.दिल्ली बीजेपी के एक्स हैंडल से जारी पोस्टर में लिखा है- ‘दिल्ली में…#आ_रही_है_भाजपा!’ इसके अलावा पोस्टर में लिखा है- ‘दिल्ली में आर रही भाजपा’। पोस्टर में दिल्ली की पहचान इंडिया गेट की तस्वीर है. इसके अलावा बीजेपी के चुनाव चिन्ह कमल के फूल की तस्वीर है. करीब 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता पाने की ओर अग्रसर बीजेपी के हौसले बुलंद हैं.
आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल बीजेपी के प्रत्याशी प्रवेश वर्मा से चुनाव हार गये हैं.अरविंद केजरीवाल की हार से आम आदमी को बड़ा धक्का लगा है. कांग्रेस प्रत्याशी संदीप दीक्षित को अब तक केवल 2812 वोट मिले हैं.सीएम आतिशी भी कालकाजी विधानसभा सीट पर पीछे चल रही हैं. कुल 12 में से 6 राउंड वोटों की गिनती में आतिशी को अब तक 22561 वोट मिले हैं.अन्ना हजारे ने अरविन्द केजरीवाल की हार का बड़ा कारण अपने वायदे के हिसाब से और जन-आकांक्षा के अनुरूप सरकार नहीं चलाना बताया है.