सिटी पोस्ट लाइव :राजधानी पटना के बहादुरपुर हाउसिंग कॉलोनी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया. आरोप है चंद्रशेखर पार्क की जमीन को निजी स्कूल को दे दिया गया है. कार्यक्रम स्थल पर भारी सुरक्षा व्यवस्था थी, इसके बावजूद लोगों ने जमकर विरोध किया.कार्यक्रम शुरू होते ही कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया. हालांकि पुलिस ने उन्हें समय रहते रोक लिया.
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद लोगों ने जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह के सामने अपनी बातों को रखा. इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि जमीन को हाईकोर्ट के निर्देश के तहत निजी शिक्षण संस्थान को आवंटित किया गया है. शुरुआत में स्थानीय लोगों ने ही पार्क को लेकर कोर्ट में याचिका दायर की थी. जिसके बाद कोर्ट ने शैक्षणिक उपयोग की इजाजत दी थी. यदि आपत्ति है तो फिर से कोर्ट का दरवाजा खटखटा सकते हैं.राजकीय समारोह में सीएम के साथ डिप्टी सीएम, स्पीकर नंद किशोर यादव और मंत्री विजय चौधरी मौजूद रहे.
कॉलोनी में रहने वाले लोगों का कहना है कि यह पार्क न सिर्फ बुजुर्गों लिए सैर-सपाटे की जगह थी, बल्कि युवाओं के लिए खेल-कूद और प्रशिक्षण का केंद्र भी था. दौड़ने के लिए 100 रुपए खर्च करके गांधी मैदान जाना पड़ता है. इस जमीन को लैंड माफिया को दे दिया गया है. सरकार से निवेदन करते हैं कि इस ग्राउंड को हमलोगों को दे दिया जाए.