बिहार में ऑपरेशन लंगड़ा जारी,मुजफ्फरपुर में पुलिस ने दो लुटेरों की टांग में मारी गोली.

City Post Live

Bihar Encounter:

सिटी पोस्ट लाइव : उत्तर प्रदेश की तर्ज पर अब बिहार पुलिस ने अपराध नियंत्रण के लिए एनकाउंटर का सहारा लेना शुरू कर दिया है.अब लगातार पुलिस एनकाउंटर की ख़बरें आ रही हैं.आज गुरुवार को मुजफ्फरपुर के पारू में पुलिस और दो कुख्यात लुटेरों के बीच सीधी मुठभेड़ हुई. नीरज और बब्लू नाम के इन अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग की, लेकिन जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी और मौके पर ही दबोच लिए गए.

दोनों लुटेरे दो दर्जन से ज्यादा लूट की घटनाओं में शामिल रहे हैं और लंबे समय से पुलिस की रडार पर थे.सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ये दोनों किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले हैं. सूचना मिलते ही पारू पुलिस ने इलाके को चारों तरफ से घेर लिया. खुद को फंसा देख दोनों अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे मौके पर ही गिर पड़े.

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

पुलिस टीम ने दोनों को पकड़कर तुरंत SKMCH में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है. मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से दो देसी पिस्तौल, जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है.नीरज और बब्लू दोनों कथैया थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. पहले भी कई बार जेल जा चुके हैं. पारू थाना प्रभारी ने बताया कि इनकी गिरफ्तारी से जिले में हालिया हुई लूट की कई घटनाओं का पर्दाफाश संभव है.

इस मुठभेड़ से एक बार फिर साबित हुआ कि मुजफ्फरपुर पुलिस अपराध के खिलाफ सख्ती के मूड में है. बदमाशों को उन्हीं की भाषा में जवाब देने की रणनीति ने इलाके में कानून का खौफ और भरोसा दोनों पैदा किया है.गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह में पुलिस ने ऑपरेशन लंगड़ा के तहत 13 अपराधियों के पैर में गोली मारकर उन्हें लंगड़ा बना दिया है.

Share This Article