सिटी पोस्ट लाइव : बिहार में पिछले कुछ वर्षों में सिपाही भर्ती, BPSC, शिक्षक भर्ती, NEET और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) जैसी बड़ी परीक्षाओं में पेपर लीक और धांधली के मामले सामने आए हैं. आर्थिक अपराध इकाई (EOU) इन मामलों की जांच कर रही है . कई अपराधियों की पहचान भी की जा चुकी है.बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली करने वाले 175 अपराधियों माफियाओं का डोजियर तैयार किया है.
इस डोजियर में उन सभी अपराधियों की विस्तृत जानकारी दी गई है, जो पेपर लीक, सॉल्व पेपर और अन्य परीक्षा घोटालों में शामिल हैं. इसका उद्देश्य इन माफियाओं के नेटवर्क को पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है.EOU के अधिकारियों का कहना है कि इस डोजियर में दर्ज अपराधियों पर निगरानी रखी जा रही है. इस डोजियर की मदद से अब अपराधियों के गिरोह तक आसानी से पहुंचा जा सकेगा.
कुछ अपराधी ऐसे भी हैं जो दूसरे राज्यों में प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली कर चुके हैं, और इनकी गिरफ्तारी के लिए अब बिहार पुलिस दूसरे राज्यों से भी सहयोग ले रही है.यह डोजियर बिहार में होने वाले पेपर लीक और परीक्षा धांधली के मामलों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. इसमें कई ऐसे अपराधी हैं जो जमानत पर हैं, और डोजियर की मदद से उनकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी. अगर भविष्य में किसी नए पेपर लीक मामले की जानकारी मिलती है, तो डोजियर से जुड़े डेटा के जरिए जल्दी से अपराधियों तक पहुंचा जा सकेगा और उनकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया तेज की जा सकेगी.