पटना में आज से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू, जिला प्रशासन ने बनाई 9 खास टीमें…

Ritu Raj

पटना में आज 1 दिसंबर से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू कर दिया गया है। इस अभियान के लिए जिला प्रशासन और पुलिस की 9 टीमें तैनात की गई हैं, जो पटना नगर निगम के 6 अंचलों के साथ-साथ दानापुर, फुलवारीशरीफ और खगौल में भी अतिक्रमण हटाने का काम करेंगी।

पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने सभी एसडीओ, एसडीपीओ और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अतिक्रमण में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने साफ कहा कि दोबारा अतिक्रमण करने पर एफआईआर भी दर्ज की जाएगी। वहीं, अधिकारियों ने बताया कि गांधी मैदान, डाकबंगला चौराहा, पटना जंक्शन, बोरिंग रोड, कंकड़बाग, राजापुर पुल, अशोक राजपथ, अटल पथ, जेपी गंगा पथ, राजा बाजार, सगुना मोड़ सहित शहर की सभी मुख्य सड़कों से अवैध कब्जा हटाया जाएगा। प्रशासन ने फुटपाथ, सर्विस रोड, अस्पतालों के पास अवैध ढांचे और पार्किंग पर भी विशेष निगरानी रखने का फैसला किया है। हालांकि, अतिक्रमण हटाने के लिए बनाई गई टीम में मजिस्ट्रेट, पुलिस बल, महिला सुरक्षा दल, नगर निगम के अधिकारी, सफाई कर्मचारी और वीडियोग्राफर शामिल हैं। अभियान के दौरान वीडियोग्राफी कराई जाएगी और अतिक्रमण हटाने से पहले माइकिंग के जरिए चेतावनी दी जाएगी। वहीं, प्रशासन ने यह भी कहा कि अस्थायी अतिक्रमण पर 5 हजार और स्थायी अतिक्रमण पर 20 हजार रुपये तक का जुर्माना लगेगा।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

डीएम ने स्पष्ट कहा है कि जहां-जहां से अतिक्रमण हटाया जाएगा, वहां फॉलोअप टीम नियमित निगरानी करेगी ताकि दोबारा कब्जा न हो सके। सभी थानाध्यक्षों को अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई को स्टेशन डायरी में दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही अवैध पार्किंग, अवैध वेंडिंग और सड़क किनारे होने वाले व्यावसायिक गतिविधियों पर भी सख्त रोक लगाने को कहा गया है। अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जिला प्रशासन ने पांच सदस्यीय मॉनिटरिंग सेल का गठन किया है, जिसमें ट्रैफिक एसपी, अपर जिला दंडाधिकारी (नगर व्यवस्था) और नगर निगम के अधिकारी शामिल रहेंगे। यह विशेष अभियान 31 दिसंबर तक चलेगा। डीएम प्रतिदिन इसकी समीक्षा करेंगे और अभियान की प्रगति के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Share This Article