सदाकत आश्रम में कांग्रेस का हंगामा: नाराज़ नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष व प्रभारी के इस्तीफे की उठाई मांग…

Ritu Raj

बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की करारी हार और कांग्रेस की सिर्फ छह सीटों पर सिमटने के बाद पार्टी में असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। मौजूदा नेतृत्व से नाराज कांग्रेसी आज सुबह 11 बजे सदाकत आश्रम में धरना-प्रदर्शन करेंगे, जहाँ वे प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के इस्तीफे की मांग उठाएँगे।

उधर, कांग्रेस ने चुनावी हार के बीच पार्टी-विरोधी गतिविधियों पर सख्त रुख अपनाते हुए ‘दगाबाज’ माने गए नेताओं को नोटिस थमा दिया है। अनुशासन समिति की संस्तुति पर 43 नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, जिन पर आरोप है कि उन्होंने चुनाव के दौरान मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर पार्टी की लाइन से हटकर बयान दिए, जिससे संगठन की छवि और प्रदर्शन पर प्रतिकूल असर पड़ा। प्रदेश अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव यादव के हस्ताक्षर से जारी इस नोटिस में इन सभी से 21 नवंबर दोपहर 12 बजे तक लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। दरअसल, समिति ने चेतावनी दी है कि तय समय सीमा में जवाब नहीं मिलने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष तक निष्कासन भी शामिल है। प्रदेश अनुशासन समिति का कहना है कि पार्टी अनुशासन और आंतरिक एकता सर्वोच्च है, और संगठन को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि को गंभीर उल्लंघन मानकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

गौरतलब है कि शोकॉज नोटिस जिन 43 नेताओं को जारी किए गए, उनमें पूर्व मंत्री अफाक आलम और वीणा शाही, पूर्व विधायक छत्रपति यादव, गजानंद शाही उर्फ़ मुन्ना शाही और बंटी चौधरी, पूर्व विधान पार्षद डॉ. अजय कुमार सिंह, बांका जिला अध्यक्ष कंचना कुमारी, सारण जिला अध्यक्ष बच्चू कुमार बीरू, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष राज कुमार राजन और नागेंद्र पासवान विकल, एआईसीसी सदस्य मधुरेंद्र कुमार सिंह, प्रदेश खेल प्रकोष्ठ अध्यक्ष प्रदुमन यादव, पूर्व उपाध्यक्ष सकीलुर रहमान, पूर्व प्रवक्ता अशोक गगन और प्रवक्ता सूरज सिन्हा शामिल हैं। वहीं, इसी सूची में महिला कांग्रेस की उर्मिला सिंह नीलू और सुधा मिश्रा, अब्दुल बाकी सज्जन, वसी अख्तर, रमेश सिंह, पूर्व महासचिव कैशर खान, अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के पूर्व अध्यक्ष कुंदन गुप्ता, किसान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राज कुमार शर्मा, पटना ग्रामीण–1 के पूर्व जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, कुमार संजीत, नीरज कुमार, पूर्व प्रत्याशी राणा अजय कुमार सिंह, रेखा पटेल, नालंदा जिला महिला अध्यक्ष रीना देवी, अजय प्रताप सिंह, खगड़िया के शिवनीति सिंह, पटना महानगर के सुदय शर्मा, सुनीता कुमारी, सेवादल के पूर्व उपाध्यक्ष आदित्य पासवान, सोशल मीडिया से जुड़े राहुल मिश्रा, अरविंद पासवान, प्रदेश चुनाव समिति की सदस्य खुशबू कुमारी, नालंदा के रवि गोल्डेन, निधि पांडेय, राजीव मेहता, औरंगाबाद के धीरेंद्र कुमार सिंह और रवि सिंह राजपूत भी शामिल हैं।

Share This Article