सिटी पोस्ट लाइव : मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के 7 शहरों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में ओले भी गिरेंगे. गुरुवार से रविवार तक प्रदेश के तापमान में 2-3 डिग्री गिरावट आने के आसार हैं.ओडिशा के मध्य भाग से दक्षिण विदर्भ तक दक्षिण छत्तीसगढ़ से होते हुए एक द्रोणिका बनी हुई है. पूर्वोत्तर असम व इसके आसपास ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण बनने के कारण प्रदेश के मौसम में बदलाव की संभावना है.
गुरुवार को प्रदेश के सात शहरों भभुआ, रोहतास , औरंगाबाद, गया ,नवादा, जमुई एवं बांका जिले के एक या दो स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात व हल्की वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है. पटना सहित आसपास इलाकों में बादल छाए रहने के साथ गरज-तड़क के साथ हल्की वर्षा का पूर्वानुमान है.गुरुवार से लेकर रविवार तक प्रदेश के मौसम का मिजाज बदला रहेगा. शुक्रवार को उत्तर-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य व दक्षिण-पूर्व जिलों के एक या दो स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात की संभावना है. औरंगाबाद , गया व नवादा जिले के अलग-अलग स्थानों पर आंधी पानी के साथ ओला गिरने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है.
गुरुवार को सुबह पटना में तेज हवा के झोंके कुछ देर तक चले.मौसम विभाग के अनुसार आज तापमान में दो से चार डीग्री की गिरावट आ सकती है.मौसम में बदलाव से गर्मी से राहत मिलने की संभावना है.