Bihar Chunav:
सिटी पोस्ट लाइव : मतदाता सूची के रिवीजन को लेकर भारत निर्वाचन आयोग ने कर बड़ा अपडेट साझा किया है. आयोग के अनुसार, राज्य के 1.5 करोड़ घरों में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) की पहली यात्रा पूरी हो चुकी है. इस दौरान कुल 7, 89,69,844 (करीब 7.90 करोड़) मतदाताओं में से 87 प्रतिशत, यानी 6,86,17,932 मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं, जिन घरों में फॉर्म वितरित नहीं हो सके, वे या तो बंद पाए गए, या मृत मतदाताओं के थे, या फिर प्रवासी और यात्रा पर गए लोगों के थे.
चुनाव आयोग ने मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिहीन और अद्यतन करने के लिए व्यापक रणनीति अपनाई है. प्रत्येक घर में BLO द्वारा तीन बार जाने की योजना बनाई गई है, ताकि कोई भी मतदाता छूट न जाए. पहले चरण में 87 प्रतिशत फॉर्म वितरित होने के बाद, अगले दो चरणों में शेष 13 प्रतिशत घरों को कवर करने का लक्ष्य है. आयोग का कहना है कि बंद घरों, प्रवासियों और अन्य कारणों से छूटे मतदाताओं को शामिल करने के लिए यह कवायद और प्रभावी होगी. इस प्रक्रिया से मतदाता सूची में और वृद्धि होने की संभावना है.
आयोग ने बताया कि विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा 1,54,977 बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) नियुक्त किए गए हैं, जो BLO के साथ मिलकर मतदाता सूची को अंतिम रूप देने में सहयोग कर रहे हैं. ये एजेंट्स मतदाताओं के बीच फॉर्म वितरण, सत्यापन और जमा करने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. अब तक 5 प्रतिशत पूर्ण और हस्ताक्षरित फॉर्म जमा हो चुके हैं, जो इस प्रक्रिया की गति को दर्शाता है.
भारत निर्वाचन आयोग के अनुसारे बिहार में 2025 विधानसभा चुनाव को देखते हुए मतदाता सूची का रिवीजन एक महत्वपूर्ण कदम है. यह प्रक्रिया न केवल मतदाताओं की सटीक गणना सुनिश्चित करेगी, बल्कि पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव की नींव भी रखेगी. आयोग ने सभी हितधारकों से इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की है..