सिटी पोस्ट लाइव : बिहार में पिछले तीन दिन से मौसम का मिजाज बदला हुआ है.पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से राज्य के ज्यादातर जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हो रही है. वज्रपात में लोग मारे जा रहे हैं.पश्चिम और पूर्वी चंपारण सहित सीतामढ़ी और मधुबनी जैसे जिले आंधी पानी और ठनके की चपेट में हैं. बुधवार 21 मई को इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
आज बिहार के अधिकांश भागों में बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात और आंधी-पानी के हालात बने रहने की प्रबल संभावना है. कटिहार, किशनगंज और पूर्णिया जैसे तीन जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के चलने की संभावना जताई गई है. दूसरी तरफ पूर्वी भाग के पूर्वी और पश्चिमी चंपारण सहित शिवहर, सीतामढ़ी और मधुबनी जैसे जिलों के कुछ भागों में भी आंधी-पानी के साथ 50-60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है.
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से उठने वाली तेज हवाओं की वजह से बादल बन रहे हैं. वज्रपात के साथ वर्षा की संभावना बनी हुई है. इसका असर बिहार सहित देश के कई राज्यों में देखने को मिल रहा है. राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है. खासकर बिजली गिरने और तेज हवा से बचने के लिए आवश्यक एहतियात बरतने की आवश्यकता है.गौरतलब है कि अबतक तीन लोगों की वज्रपात से जान जा चुकी है.